मुंबई में होर्डिंग गिरने से 14 की मौत, 85 से अधिक लोग घायल, धूल भरी आंधी और बारिश से शहर हुआ बेहाल

मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक विशाल बिलबोर्ड गिरने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 85 से अधिक लोग घायल हो गए। 31 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है तो अभी भी 43 घायल लोगों का इलाज जारी है। यह घटना तेज़ धूल भरी आँधी और उसके बाद भारी बारिश के कारण हुई, जिससे शहर में तबाही मच गई। यह घटना पंतनगर में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के किनारे पुलिस ग्राउंड फ्यूल स्टेशन पर हुई। वीडियो में बिलबोर्ड के नीचे कई कारें फंसी हुई दिखाई दे रही हैं। घटना के कुछ घंटों बाद मुंबई पुलिस ने होर्डिंग के मालिक भावेश भिंडे के खिलाफ मामला दर्ज किया। भावेश भिंडे एगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं।

https://x.com/BNONews/status/1790055408050082071

एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट निखिल मुधोलकर ने बताया, “कुल 88 लोगों को बचाया गया, जिनमें से 14 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और 31 को छुट्टी दे दी गई।”

https://x.com/ANI/status/1790187382089900188

एक रिपोर्ट के मुताबिक, बताया जा रहा है कि बारिश के चलते तमाम लोग घाटकोपर में सीएनजी पंप पर रुक गए थे। जबकि कुछ लोग अपने वाहनों में ईंधन लेने पहुंचे थे और तभी ये होर्डिंग गिर गया। होर्डिंग की चपेट में बालाजी शिंदे भी आ गए थे। उन्हें दो घंटे बाद रेस्क्यू किया गया। बालाजी शिंदे अपने वाहन में ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंप गए थे। उन्होंने बताया कि हमें एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने नवी मुंबई जाना था, वे जब सीएनजी पंप पर ईंधन डलवाने पहुंचे तो होर्डिंग गिर गया।

दरअसल फ्यूल स्टेशन पर 100 फुट लंबा अवैध बिलबोर्ड गिरने के बाद शुरू में 100 से अधिक लोग फंस गए, जिसके बाद खोज और बचाव अभियान शुरू हुआ। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आयुक्त भूषण गगरानी ने कहा, एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की एक टीम बचाव अभियान में शामिल हुई।

गगरानी ने बताया कि यह होर्डिंग अवैध है क्योंकि बीएमसी ने (इसे लगाने के लिए) अनुमति नहीं दी थी। उन्होनें कहा, “घाटकोपर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ होर्डिंग अवैध था क्योंकि उसके पास लाइसेंस नहीं था। हम मुंबई में सभी होर्डिंग्स के लाइसेंस की जांच करेंगे और अगर उनके पास लाइसेंस नहीं है, तो उन्हें अवैध माना जाएगा।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि 57 लोगों को बचाया गया है और उन्हें तत्काल चिकित्सा के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया है।

शिंदे ने कहा, “मैंने नगर निगम आयुक्त से मुंबई में सभी होर्डिंग्स का विशेष ऑडिट करने और अवैध होर्डिंग्स के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।”

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए ₹5 लाख के प्रारंभिक मुआवजे की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों के इलाज का खर्च भी वहन करेगी।

भूषण गगरानी ने कहा, “जिस स्थान पर यह घटना घटी, वहां रेलवे की जमीन पर चार होर्डिंग लगाए गए थे और उनमें से एक ढह गया है। बीएमसी एक साल से होर्डिंग (लगाने) पर आपत्ति जता रही थी।”

हालाँकि, सेंट्रल रेलवे ने कहा कि होर्डिंग रेलवे की ज़मीन पर नहीं था और किसी भी तरह से भारतीय रेलवे से संबंधित नहीं था।

एक अधिकारी ने कहा कि नगर निकाय 40 x 40 फीट से अधिक के किसी भी होर्डिंग की अनुमति नहीं देता है।

उन्होंने कहा कि बीएमसी ने संबंधित होर्डिंग की दृश्यता बढ़ाने के लिए छेदा नगर जंक्शन के पास आठ पेड़ों को जहर देने के संबंध में 19 मई, 2023 को एक प्राथमिकी दर्ज की थी।

उन्होंने दावा किया, ”हमने कार्रवाई के लिए इस मुद्दे को बार-बार उठाया था” और कहा कि बीएमसी के लाइसेंस विभाग ने भी एक नोटिस जारी किया था।

इस घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर लिखा, “मुंबई के घाटकोपर क्षेत्र में होर्डिंग गिरने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं तथा राहत और बचाव कार्य की सफलता की कामना करती हूं।”

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, “मुंबई के घाटकोपर में बिलबोर्ड गिरने की घटना में लोगों की मौत के बारे में जानकर व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं उन सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *