महाराष्ट्र बीजेपी विधायक ने पुलिस स्टेशन में शिंदे सेना नेता पर चलाई गोली, हाई लेवल कमेटी करेगी फायरिंग की जांच

महाराष्ट्र के उल्हासनगर में शुक्रवार देर रात बीजेपी विधायक गणेश गायकवाड़ ने कथित तौर पर शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ को गोली मार दी। गोलीबारी हिल लाइन पुलिस स्टेशन में एक वरिष्ठ पुलिसकर्मी के केबिन के अंदर हुई, जहां दो राजनेता और उनके समर्थक लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद पर शिकायत दर्ज कराने के लिए एकत्र हुए थे। सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बहस छिड़ गई और गणेश गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ पर चार राउंड गोलियां चला दीं। इस घटना में शिवसेना विधायक राहुल पाटिल भी घायल हो गए।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस द्वारा घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश के बाद गोलीबारी की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी का नेतृत्व एसीपी नीलेश सोनावणे करेंगे।

वहीं इस घटना को लेकर शिवसेना (UBT) ने कहा, ‘छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रतिभाशाली, गौरवशाली राज्य महाराष्ट्र में ‘जंगलराज’ आ गया है। महाराष्ट्र का नाम खराब करने का पाप असंवैधानिक सरकार की कृपा से हो रहा है।’

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, “एक विधायक के घर में ये फायरिंग हो रही है और खुलेआम विधायक बोलता है कि मुख्यमंत्री शिंदे ने मुझे मजबूर किया फायरिंग करने के लिए।”

हिल लाइन पुलिस स्टेशन के अंदर क्या हुआ, यह बताते हुए ठाणे एसीपी दत्ता शिंदे ने कहा, “बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और राहुल पाटिल को गोली मार दी। बीजेपी विधायक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।”

यह दावा करते हुए कि आत्मरक्षा में गोली चलाने का कोई सवाल ही नहीं है, शिंदे ने बताया, “घायल बैठे थे और सीसीटीवी स्क्रीन देख रहे थे। कोई बहस या उकसावे की बात नहीं थी। लेकिन उसने (गणपत गायकवाड़) उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी। घायल महेश गायकवाड़ के शरीर से छह गोलियां मिली हैं।”

डीसीपी सुधाकर पठारे ने कहा, “उल्हासनगर गोलीबारी की घटना के सिलसिले में बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। छह राउंड फायरिंग हुई। महेश गायकवाड़ (शिवसेना शिंदे गुट के नेता) और गणपत गायकवाड़ (बीजेपी विधायक) के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हो गया और वे शिकायत देने पुलिस स्टेशन आए। उसी समय उनके बीच बातचीत हुई और गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उसके लोगों पर गोली चला दी।

पठारे ने आगे कहा, “छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य तीन की तलाश जारी है। एफआईआर में आईपीसी और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।”

इस घटना में महेश गायकवाड़ के साथ-साथ सेना विधायक राहुल पाटिल भी घायल हो गए। महेश गायकवाड़ को पहले उल्हासनगर के मीरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बाद में उनकी हालत गंभीर होने के बाद उन्हें ठाणे के ज्यूपिटर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *