“मुझे नहीं पता कांग्रेस 40 सीटें भी जीत पाएगी या नहीं”; हिम्मत है तो वाराणसी में BJP को हराओ: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चल रही तनातनी के बीच CM ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में दम है तो वो वाराणसी में जाकर BJP को हराकर दिखाएं। बनर्जी ने कहा, ”मैंने कांग्रेस से कहा कि बंगाल में 2 सीटें ले लो, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। अब जाओ यूपी के प्रयागराज,और बनारस में बीजेपी को हराकर आओ।”

बनर्जी ने कहा, “कांग्रेस अपनी सीट अमेठी तक हार गई और मुझे लगता है कि पूरे देश में 40 सीट नहीं जीत सकती।”

बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, “राहुल गांधी की यात्रा बंगाल आई लेकिन यूपी में बनारस या इलाहाबाद नहीं गई। अगर कांग्रेस में हिम्मत है तो भाजपा से लड़ें और बंगाल में आकर जनता को ना उकसाएं।”

राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बंगाल चरण का जिक्र करते हुए, जिसमें कांग्रेस नेता को श्रमिकों के साथ बातचीत करते देखा गया था, ममता बनर्जी ने कहा, “अब एक नई शैली सामने आई है… फोटो शूट की। जो लोग कभी एक चाय की दुकान पर नहीं गए हैं, अब दिखाया गया है कि वे बीड़ी श्रमिकों के साथ बैठते हैं। वे सभी प्रवासी पक्षी हैं।”

बनर्जी के बयान पर कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा कि ममता बनर्जी के मन में कोई संदेह नहीं होना चाहिए।11 दिन भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में रहेगी। ममता बनर्जी ने कांग्रेस पार्टी के बारे में बहुत सारी बातें कही हैं। मैं यही कहूंगा कि वे बार-बार कह रही हैं कि वे INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं। हमारा एक ही निशाना होना चाहिए। हम लोग भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। INDIA गठबंधन राष्ट्रीय स्तर के लिए है, विधानसभा स्तर के चुनाव के लिए नहीं है।

सांसद दानिश अली ने कहा, “राज्यों में अलग लड़ाई होती है। ज़ाहिर सी बात है कि बंगाल और पंजाब की स्थिति अलग है। INDIA गठबंधन की अपनी रणनीति होगी कि वे पंजाब और बंगाल में विपक्ष की जगह भाजपा को नहीं देना चाहते। शायद इसी रणनीति के तहत बंगाल और पंजाब में काम हो रहा है।”

BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “INDI गठबंधन की प्राण और प्रतिष्ठा दोनों गायब हो चुके हैं और INDI गठबंधन का अवैध ढांचा लगातार टूटता जा रहा है। इसका एक और प्रमाण सामने निकल कर आया है। ममता बनर्जी ने कहा कि ‘राहुल गांधी फोटो शूट करा रहे हैं। 300 सीट तो छोड़िए ये(कांग्रेस) 40 सीट भी नहीं जीत पाएंगी’। देश की जनता जय श्री राम जय श्री राम कर रही है लेकिन आज INDI गठबंधन के लोग राम नाम सत्य है कह रहे हैं।”

कांग्रेस और राहुल गांधी पर ममता बनर्जी का हमला आगामी चुनावों में अपने राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की उनकी घोषणा के कुछ दिनों बाद आया है।

टीएमसी और कांग्रेस के बीच कई दिनों से चल रही जुबानी जंग के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि वह अपने राज्य में कांग्रेस को दो सीटें देने को तैयार हैं। हालाँकि, कुछ दिनों बाद, उन्होंने कांग्रेस को छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की, जो विपक्ष के इंडिया गुट में टीएमसी की सहयोगी है।

तृणमूल ने कथित तौर पर मांग की थी कि सीट-बंटवारे का फॉर्मूला 2019 के चुनाव और 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में पार्टियों के प्रदर्शन पर आधारित होना चाहिए। टीएमसी ने हवाला दिया था कि कांग्रेस ने 5 प्रतिशत से कम वोट शेयर हासिल किया और उसकी सीट-बंटवारे की मांगों को ठुकरा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *