कर्नाटक में बेटे के प्रेम प्रसंग को लेकर महिला को निर्वस्त्र कर पीटा गया; मुख्यमंत्री ने कही ये बात

कर्नाटक के बेलगावी में रविवार रात एक महिला को उसके घर से खींचकर बाहर निकाला गया, नग्न किया गया, एक खंभे से बांध दिया गया और उसकी पिटाई की गई। पुलिस ने बताया कि महिला का बेटा कुछ समय से एक लड़की के साथ रिलेशनशिप में था। अपनी बेटी के महिला के बेटे के साथ भाग जाने की खबर मिलने पर लड़की के परिवार वाले लड़के के घर पहुंचे। इन लोगों ने महिला को उसके घर से बाहर खींच लिया, एक खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई की। इस घटना पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और गृह मंत्री जी परमेश्वर ने प्रतिक्रिया दी है।

पुलिस ने कहा कि लड़की के परिवार ने उस व्यक्ति की मां को उसके घर के बाहर खींच लिया, उसे नग्न कर दिया, उसे एक खंभे से बांध दिया और उसके साथ शारीरिक उत्पीड़न किया। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, ”सिर्फ बेलगावी ही नहीं, हमारी सरकार हर जगह सख्त है। चाहे कोई भी अपराध हो, हम अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।”

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, ”बेलगाम में एक महिला को निर्वस्त्र कर खंभे से बांधना और उसके साथ मारपीट करना बेहद अमानवीय है। इसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। हमारी सरकार किसी भी कारण से ऐसे जघन्य कृत्यों को बर्दाश्त नहीं करेगी।”

उन्होंने कहा, “मामले के सिलसिले में पहले ही कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी पूरी जिम्मेदारी है।”

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर के अनुसार, अपराध में सीधे तौर पर शामिल सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि वह पीड़िता से मिलेंगे, जिसका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उन्होंने कहा, “हम आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। एक युवा कपल भाग गया था। लड़की का परिवार उस आदमी के घर गया, माँ को बाहर खींच लिया, उसे नग्न कर दिया और पिटाई करने से पहले उसे एक खंभे से बांध दिया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को बचाया और नजदीकी अस्पताल ले गई। वह अब अस्पताल में है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *