‘INDIA’ alliance meeting: बैठक के दुसरे और आखिरी दिन नेताओं ने की मीडिया से बात; जानें, किसने क्या कहा?

इंडिया गठबंधन की मुंबई में दो दिवसीय बैठक खत्म हो गई है। बैठक के बाद नेताओं ने संयुक्त पीसी को संबोधित किया। इंडिया गठबंधन विभिन्न भाषाओं में ‘जुडेगा भारत, जीतेगा इंडिया’ थीम पर चुनाव में उतरेगा। INDIA गठबंधन के सभी दलों ने आगामी 2024 लोकसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ने का संकल्प लिया। विभिन्न राज्यों में सीट-बंटवारे की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाएगी।

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि जो दल आज मंच पर है, वे देश के 60 फीसदी लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हमारे बीच अब सीट बटंवारे पर चर्चा होगी। अगर विपक्ष एकजुट है तो बीजेपी का जीतना मुश्किल है। इस देश में एक कारोबारी और पीएम के बीच साठगांठ है। गांधी ने कहा, मुझे विश्वास है कि इंडिया गठबंधन भाजपा को हरा देगा। इस गठबंधन में असली काम वे रिश्ते हैं जो इस गठबंधन के नेताओं के बीच बने हैं। पिछली दो बैठकों ने तालमेल बनाने और यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत बड़ा काम किया है कि हम सभी एक होकर काम करें।”

राहुल गांधी ने कहा कि वह कुछ दिनों से लद्दाख में थे। लद्दाख के चरवाहे ने मुझे स्पष्ट रूप से बताया कि चीन ने भारत की जमीन ले ली है। सीमा पर बदलाव है। जहां पहले चरवाहे को अनुमति थी वहां अब चरवाहों को अनुमति नहीं है। लद्दाख का हर एक आदमी जानता है केंद्र सरकार क्या कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्ट्राचार के केंद में है और पीएम मोदी का एक कारोबारी के साथ गठजोड़ है जिसका नाम सब जानते हैं। इडिंया गठबंधन भाजपा और उसके भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेगा। मुझे विश्वास है कि इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा और यहां मौजूद सभी नेता मतभेद भुलाकर एकसाथ हुए हैं।

राहुल ने आगे कहा कि पीएम मोदी जी20 करा रहे हैं भारत की इज्जत का मामला है अदाणी मामले पर पीएम को जांच करनी चाहिए नहीं कराएंगे तो देश को पता लग जाएगा कि क्यों नहीं करा रहे हैं। भाजपा भारत के गरीब लोंगों से धन छीनकर कुछ अमीर लोगों को देती है।

संजय राउत ने कहा कि हमने 13 सदस्यीय कोआर्डिनेशन कमेटी का गठन किया है। जिस तरह से INDIA गठबंधन की लोकप्रियता बढ़ रही है हम कह सकते हैं की हम 2024 का चुनाव जीतने जा रहे हैं, INDIA गठबंधन को हराना नामुमकिन है।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारी एकता से विरोधियों में घबराहट है। इंडिया मजबूत होता जा रहा है। भयमुक्त भारत के लिए सभी लोग इकट्ठे हो रहे हैं। चुनाव में तानाशाही भ्रष्टाचार से लड़ेंगे। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम ने कहा कि इंडिया गठबंधन की जीत जरूर होगी। हम मित्र परिवारवाद के खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि एलपीजी में छूट जरूर दी गई है, लेकिन पहले पांच सालों में जमकर लूट की गई है।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि बैठक के दौरान तीन प्रस्ताव पारित किए गए हैं। जुड़ेगा भारत जीतेगा भारत इंडिया गठबंधन की थीम रहेगी। पहला, हम ‘INDIA’ पार्टियां जहां तक संभव हो सके आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने का संकल्प लेते हैं। विभिन्न राज्यों में सीट-बंटवारे की व्यवस्था शुरू की जाएगी। तुरंत और जल्द से जल्द देने और लेने की सहयोगात्मक भावना के साथ संपन्न। दूसरा, हम ‘INDIA’ दल सार्वजनिक चिंता और महत्व के मुद्दों पर देश के विभिन्न हिस्सों में जल्द से जल्द सार्वजनिक रैलियां आयोजित करने का संकल्प लेते हैं। तीसरा, हम ‘INDIA’ की पार्टियां इसके द्वारा विभिन्न भाषाओं में ‘जुडेगा भारत, जीतेगा इंडिया’ की थीम पर हमारी संबंधित संचार और मीडिया रणनीतियों और अभियानों का समन्वय करने का संकल्प लिया गया है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बेंगलुरु के बाद मुंबई में हमारी बैठक हुई। हम सबका उद्देश्य एक ही है कि महंगाई, बेरोजगारी के लिए हम कैसे लड़ें। मैं कह सकता हूं कि मोदी जी कभी गरीबों के लिए काम नहीं करेंगे। कल राहुल गांधी ने एक रिपोर्ट दिखाई कि कैसे अदानी की आमदनी बढ़ गई है। हमारा जो संकल्प है हम उसी आधार पर काम करेंगे, हर जगह बैठक करेंगे और हर राज्य की राजधानी में जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी सरकार गरीबों के खिलाफ काम करती है। पीएम मोदी पहले 100 रुपये बढ़ाते हैं, और फिर दो रुपये कम कर देते हैं। पहले उन्होंने एलपीजी का दाम दोगुना कर दिया, फिर दो सौ रुपये कम कर दिए। महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ हमें मिलकर लड़ना है। ईडी- सीबीआई का दुरुपयोग किया जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।

लोकसभा के आगामी सत्र को बुलाने पर भी खरगे ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब-जब संकट आया तब कभी स्पेसल सत्र नहीं बुलाया गया। मणिपुर जल रहा है, लेकिन उस पर कभी सत्र नहीं बुलाया गया। अचानक ये सत्र बुलाया गया है। सत्र बुलाने का एजेंडा किसी को पता नहीं है। देश धीरे-धीरे तानाशाही की ओर बढ़ रहा है। वे छोटा-मोटा घालमेल नहीं कर रहे, उनके घोटाले अद्रश्य हैं। कैग रिपोर्ट बता रही है कि करोड़ों के घोटाले हुए हैं।

इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि तीसरी बैठक में भी अच्छे ढ़ंग से बातचीत हुई है। हम जगह-जगह जाकर प्रचार करते रहेंगे। जो अब केंद्र में हैं वो अब हारेंगे। वो अब जाएंगे। नीतीश ने कहा कि ये काम कम करते हैं, छपता ज्यादा है। ये लोग देश के इतिहास को बदलना चाहते हैं। हम देश के इतिहास को बदलने नहीं देंगे। बिना किए उनके काम की तारीफ की जा रही है। हमने आज ही तय कर लिया गया है कि हम अभी से तेजी से काम शुरू कर देंगे। कोई ठिकाना नहीं है चुनाव समय से पहले भी हो सकता है इसलिए हम लोगों को भी अलर्ट रहना पड़ेगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह INDIA गठबंधन कुछ पार्टियों का गठबंधन नहीं है बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का गठबंधन है।
हम लोग एक साथ आए हैं क्योंकि हमें 21वीं सदी के भारत का निर्माण करना है। देश की मोदी सरकार आजाद भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार है। हमारे गठबंधन को तोड़ने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सबसे अहंकारी सरकार है। यह सरकार सिर्फ एक आदमी को बचाने में जुटी है।
देश में इतनी अहंकारी सरकार कभी नहीं हुई। हम पद के लिए नहीं बल्कि भारत को बचाने आगे आए हैं।

मुंबई बैठक में लालू प्रसाद यादव ने कहा कि मुझे खुशी है कि हम यहां एकजुट हुए हैं। हम शुरू से भाजपा हटाओ, देश बचाओ में जुटे हुए हैं। मैं शुरू से ही मोदी जी से लड़ता रहा हूं। हम किसी से डरने वाले नहीं हैं। हम उन्हें हटाकर ही दम लेंगे।

राजद प्रमुख ने कहा कि आप सबको याद होगा कि कितना खोंट बोलकर लोग सत्ता में आए थे। उस समय मेरा और देश के नेताओं का नाम इन लोगों ने प्रचारित किया था कि इन लोगों का पैसा स्विस बैंक में जमा है। मोदीजी बोले थे कि स्विस बैंक का पैसा वो वापस लाएंगे और हर आदमी के खाते में हम 15-15 लाख देंगे। सबका उन्होंने खाता खुलवाया। हमने भी खाता खुलवाया, लेकिन हमारे साथ धोखा हो गया। हमारा पति-पत्नी और बच्चा को मिलाकर 11 लोग हो जाते। तो 15 लाख के हिसाब से हमारा कितना पैसा होता हिसाब लगा लीजिए।

लालू यादव ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग झूठ बोलकर, अफवाह फैलाकर सत्ता में आए थे। मेरा साथ कई नेताओं के बारे में कहा गया कि हमारा पैसा स्विस बैंक में जमा हैं। कहा गया कि सत्ता में आएंगे तो सभी देशवासियों को पंद्रह-पंद्रह लाख रुपये देंगे। ये झूठ बोलकर लोगों का बैंक खाता खुलवाया गया। हमने भी झांसे में आकर परिवार समेत बैंक खाता खुलवा लिया। लेकिन क्या मिला सबको पता है।

उन्होंने कहा कि अभी काफी जय-जयकार होना चाहिए वैज्ञानिकों का होना चाहिए। लोग हमारे वैज्ञानिकों का नाम ऊंचा हुआ। अब हमने सुना है कि मोदीजी ये सोच रहे हैं कि और लोकसभा का बैठक भी बुला लिया गया है। हमने सुना है कि देश के वैज्ञानिक आगे देश को ऊंचा कर दिया। हम वैज्ञानिकों से कहना चाहते हैं कि पीएम मोदी को जमीन पर नहीं रहना चाहिए। इन्हें भी ऊपर सूरज तक पहुंचाओ। इनका भी नाम हो जाएगा। राहुल गांधी घूमते रहते हैं अमेरिका में। ये भी दिखेगा कि मोदीजी सचमुच देश का नाम करने के लिए चल पड़े हैं। हमारी शुभकामना है कि चले जाएं।

वहीं विपक्ष की बैठक को संबोधित करते हुए द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा कि तुरंत एक समन्वय समिति गठित की जानी चाहिए और एक सीएमपी तैयार किया जाना चाहिए। वह (सीएमपी) भारत गठबंधन का चेहरा होगा। भाजपा शासन ने देश को कई तरीकों से बर्बाद कर दिया है। उसे (सीएमपी) लोगों के सामने एक रोड मैप पेश करना चाहिए जिसमें यह बताया जाए कि हम इसे खत्म करने के लिए क्या करने का इरादा रखते हैं।

मालूम हो कि मुंबई में हुई बैठक में 28 पार्टियों के 63 नेता शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस, टीएमसी, शिवसेना (उद्धव गुट), एनसीपी (शरद पवार गुट), सीपीआई, सीपीआईएम, जदयू, डीएमके, आम आदमी पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, आरजेडी, समाजवादी पार्टी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, आरएलडी, सीपीआई (ML), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस (M), मनीथानेया मक्कल काची (MMK), एमडीएमके, वीसीके, आरएसपी, केरला कांग्रेस, केएमडीके, एआईएफबी, अपना दल कमेरावादी और पीसेंट एंड वर्कर पार्टी ऑफ इंडिया शामिल रहे। इसके अलावा महाराष्ट्र का एक क्षेत्रीय दल और शामिल हुआ। इससे पहले जुलाई में बेंगलुरु में विपक्षी गठबंधन की बैठक हुई थी। उस बैठक में 26 दल शामिल हुए थे। गठबंधन को ‘INDIA’ नाम दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *