2024 लोकसभा चुनाव में NDA का मुकाबला करने की रणनीति पर चर्चा के लिए मुंबई में दो दिनों तक ‘INDIA’ गठबंधन की बैठक हुई। मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में हुई इस बैठक के दूसरे दिन नेताओं ने ग्रुप फोटो खिंचाकर एकजुटता का संदेश दिया। इसके अलावा कोऑर्डिनेशन कमेटी में शरद पवार, तेजस्वी यादव, संजय राउत समेत 13 नेताओं को शामिल किया गया। हालांकि, अभी कन्वेनर पर फैसला नहीं हुआ है।
इसके अलावा आज I.N.D.I.A गठबंधन का नया लोगो भी लॉन्च नहीं हुआ। बैठक में वन नेशन वन इलेक्शन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। गठबंधन ने आगामी लोकसभा चुनाव संयुक्त रूप से लड़ने का प्रस्ताव भी पारित किया और कहा कि सदस्य दलों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जल्द शुरू होगी।
बैठक के दौरान जारी एक प्रस्ताव में, विपक्षी पार्टियों ने संकल्प लिया कि आगामी लोकसभा चुनाव जहां तक संभव होगा, मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा। विभिन्न राज्यों में सीट-बंटवारे को लेकर चर्चा जल्द शुरू की जाएगी और यह सहयोगात्मक भावना के साथ जल्द से जल्द खत्म की जाएगी। बैठक में संकल्प लिया गया कि विपक्षी दल सार्वजनिक चिंता और महत्व के मुद्दों पर देश के विभिन्न हिस्सों में जल्द से जल्द सार्वजनिक रैलियां करेंगे। INDIA गठबंधन के नेताओं ने संकल्प लिया गया कि जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया, थीम के साथ विभिन्न भाषाओं में अपनी संबंधित संचार और मीडिया रणनीतियों और अभियानों का समन्वय किया जाएगा।
विपक्षी गठबंधन की बैठक में 13 सदस्यों की कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। इसमें कांग्रेस से केसी वेणुगोपाल, एनसीपी के शरद पवार, डीएमके के एमके स्टालिन, शिवसेना से संजय राउत, आरजेडी के तेजस्वी यादव, टीएमसी के अभिषेक बनर्जी, आप के राघव चड्ढा, सपा से जावेद खान, जदयू से लल्लन सिंह, जेएमएम के हेमंत सोरेन, डी राजा, एनसी के उमर अब्दुल्ला और पीडीपी की महबूबा मुफ्ती को शामिल किया गया है। हालांकि, अभी इसका कन्वेनर नहीं बनाया गया है।
इस बीच इंडिया मीटिंग में कपिल सिब्बल की अप्रत्याशित एंट्री से कांग्रेस नेता नाराज दिखे। सिब्बल बैठक में आधिकारिक आमंत्रित सदस्य नहीं थे लेकिन उनकी उपस्थिति ने कई कांग्रेस नेताओं को असहज कर दिया। कुछ नेता फोटो सेशन में उनकी उपस्थिति से अनिच्छुक थे। केसी वेणुगोपाल ने कपिल सिब्बल के अचानक पहुंचने को लेकर उद्धव ठाकरे से शिकायत भी की। इसके बाद फारूक अब्दुल्ला और अखिलेश यादव ने वेणुगोपाल को मनाने की कोशिश की। यहां तक कि राहुल गांधी ने भी कहा कि उन्हें किसी से कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद कपिल सिब्बल ने फोटो सेशन में हिस्सा लिया। कपिल सिब्बल ने पिछले साल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और सपा में शामिल हो गए थे।
आज मुंबई बैठक में गठबंधन का लोगो लॉन्च नहीं हुआ। पहले कहा जा रहा था कि लोगो लॉन्च होगा। लेकिन लोगो पर चर्चा के दौरान कुछ सुझाव आए हैं। ऐसे में बाद में बदलाव के बाद इसे लॉन्च किया जाएगा।
बैठक में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने सुझाव दिया कि INDIA गठबंधन को 2 अक्टूबर तक अपना घोषणापत्र जारी करना चाहिए। वहीं, दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने सुझाव दिया कि गठबंधन को अगले महीने के अंत तक लोकसभा चुनावों के लिए पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को अंतिम रूप देना चाहिए।
समाजवादी पार्टी (सपा) के रामगोपाल यादव ने भी राज्यों में पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को जल्द अंतिम रूप देने की अपील करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन के पास अब समय नहीं बचा है। बैठक में खड़गे ने एक साझा राष्ट्रीय एजेंडा तैयार करने को भी कहा है। उन्होंने नेताओं से इसके बुलेट प्वाइंट तैयार करने को कहा।
शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने बैठक में कहा कि संसद सत्र गणेश चतुर्थी के पहले दिन बुलाया जा रहा है और आश्चर्य हुआ कि क्या पक रहा है? उन्होंने कहा, हमें अपनी योजनाओं में और देरी नहीं करनी चाहिए और जल्द से जल्द काम शुरू करना चाहिए।
बैठक में ज्यादातर नेता चुनाव योजनाओं को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमत दिखे। नेताओं ने संभावना जताई कि जल्द चुनाव हो सकते हैं, ऐसे में गठबंधन के पास समय नहीं बचा है और केवल बैठकों से काम नहीं चलेगा। बैठक में कुछ नेताओं ने ईवीएम का भी मुद्दा उठाया।
चंद्रयान-3 की सफलता से प्रफुल्लित INDIA दलों ने पूरे ISRO परिवार को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देने का प्रस्ताव पारित किया। उन्होंने कहा, पूरा देश गौरवान्वित है। साथ ही कल आदित्य-एल1 के लॉन्च के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
मुंबई बैठक के पहले दिन तय हुआ कि कोऑर्डिनेशन कमेटी दो स्तर पर बनाई जाएंगी। पहली सेंट्रल और दूसरी स्टेट लेवल पर। आगे की महत्वपूर्ण रणनीति के लिए दोनों मिलकर काम करेंगे।
गुरुवार को चर्चा के दौरान फैसला किया गया कि कोऑर्डिनेशन कमेटी में कम से कम चार ग्रुप शामिल होंगे, जिनमें एक गठबंधन के संयुक्त कार्यक्रम की योजना बनाने के लिए, दूसरा कार्य योजना तैयार करने और तीसरी सोशल मीडिया को संभालने के लिए, और एक रिसर्च और डेटा एनालिसिस में शामिल होगी। इसके अलावा संयुक्त अभियान और रैलियों की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक सब कमेटी भी गठित की जाएगी।
गठबंधन ग्रुप का मानना है कि बीजेपी फिलहाल घबराई हुई है, इसलिए जल्द ही कोऑर्डिनेशन कमेटी और अन्य ग्रुप बनाने की जरूरत है। मीटिंग में तय हुआ है कि कमेटी के बाद विपक्षी गठबंधन सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए आगे बढ़ सकता है।
INDIA गठबंधन की बैठक में ये भी चर्चा हुई है कि अगर ये फैसले जल्द ही नहीं लिए गए, तो बीजेपी गठबंधन में बाधा डालने की कोशिश करेगी। बैठक में जल्द चुनाव की परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। गठबंधन का मानना है कि बीजेपी जल्द चुनाव करा सकती है, ऐसे में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। बैठक में तय हुआ है कि राजनीतिक मतभेदों को अलग रखा जाए और एजेंडे में आम लोगों की समस्याओं से जुड़े मुद्दे होने चाहिए।
INDIA गठबंधन के नेताओं ने तय किया है कि आगे की रणनीति तेजी से बनाई जाएगी।
संसद के विशेष सत्र बुलाए जाने को लेकर बैठक में आज चर्चा की जाएगी। गुरुवार को भी इस पर चर्चा हुई। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि विपक्ष को एनडीए की आश्चर्यजनक रणनीति और चालों से निपटने के लिए सभी आकस्मिक योजनाओं के लिए तैयार रहना चाहिए। बैठक के बाद उद्धव ठाकरे ने नेताओं के लिए डिनर रखा।
बता दें कि मुंबई में चल रही बैठक में 28 पार्टियों के 63 नेता शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस, टीएमसी, शिवसेना (उद्धव गुट), एनसीपी (शरद पवार गुट), सीपीआई, सीपीआईएम, जदयू, डीएमके, आम आदमी पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, आरजेडी, समाजवादी पार्टी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, आरएलडी, सीपीआई (ML), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस (M), मनीथानेया मक्कल काची (MMK), एमडीएमके, वीसीके, आरएसपी, केरला कांग्रेस, केएमडीके, एआईएफबी, अपना दल कमेरावादी और पीसेंट एंड वर्कर पार्टी ऑफ इंडिया शामिल रहे। इसके अलावा महाराष्ट्र का एक क्षेत्रीय दल और शामिल हुआ। इससे पहले जुलाई में बेंगलुरु में विपक्षी गठबंधन की बैठक हुई थी। उस बैठक में 26 दल शामिल हुए थे। गठबंधन को ‘INDIA’ नाम दिया गया था।
