कर्नाटक ने गृह लक्ष्मी योजना की शुरू, महिलाओं को प्रति माह 2,000 रुपये मिलेंगे; राहुल गांधी ने कहा, ‘महिलाएं राज्य की नींव हैं’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को मैसूरु में कर्नाटक सरकार की ‘गृह लक्ष्मी’ योजना का उद्घाटन किया और कहा कि महिलाएं राज्य की नींव और ताकत हैं। इस योजना का लक्ष्य लगभग 1.1 करोड़ महिलाओं को 2,000 रुपये की मासिक सहायता प्रदान करना है जो अपने परिवार की मुखिया हैं। आईटी क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों में राज्य की उपलब्धियों का श्रेय महिलाओं को देते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा, “महिलाएं राज्य की ताकत हैं। वे पेड़ों की जड़ों की तरह हैं। उनका योगदान अदृश्य रहता है लेकिन वे राज्य की वास्तविक नींव हैं।”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गृह लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की। सरकारी आंकड़ों के आधार पर, राज्य में लगभग 1.10 करोड़ महिलाओं ने योजना के लिए पंजीकरण कराया है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मुख्य अतिथि थे।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ”चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक से पांच वादे किए थे। हमने कहा था कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता जब कुछ कहते हैं, तो वो करते हैं। आज जब हमने टैबलेट पर क्लिक किया तो करोड़ों महिलाओं को 2000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में मिला।”

कांग्रेस नेता ने कहा, हमने आपको बताया था कि चुनाव के बाद कर्नाटक में महिलाओं को बसों में यात्रा के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा। इस योजना का नाम ‘शक्ति’ रखा गया और हमने इसे पूरा किया।”

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में मैं हजारों महिलाओं से मिला। कर्नाटक में हम लगभग 600 किलोमीटर तक चले। मैंने आपसे बात की और मुझे एक बात स्पष्ट रूप से समझ में आई। आपने कहा कि महंगाई की मार आप पर पड़ रही है… इसकी मार महिलाओं को झेलनी पड़ती है। हजारों महिलाओं ने मुझसे कहा कि वे महंगाई बर्दाश्त नहीं कर सकतीं। मैं समझ गया कि कर्नाटक की महिलाएं इस राज्य की नींव हैं।”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “हमारी पांच योजनाएं देखिए। एक को छोड़कर बाकी सभी महिलाओं के लिए हैं। लेकिन बाकी चारों योजनाएं महिलाओं के लिए ही बनी हैं। इसके पीछे एक गहरी सोच है।”

उन्होंने कहा, “देश में एक फैशन चल रहा है। दिल्ली में (केंद्र में) सरकार अरबपतियों के लिए काम करती है। हमारा मानना ​​है कि सरकार को गरीबों और कमजोरों के लिए काम करना चाहिए।”

कर्नाटक सरकार ने चालू वित्त वर्ष में ‘गृह लक्ष्मी’ कार्यक्रम के लिए 17,500 करोड़ रुपये रखे हैं।

यह योजना मई में हुए 2023 कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस द्वारा किए गए पांच चुनावी वादों में से एक है। कर्नाटक सरकार ने चुनाव पूर्व पांच वादों में से तीन – ‘शक्ति’, ‘गृह ज्योति’ और ‘अन्न भाग्य’ – को पहले ही लागू कर दिया है और ‘गृह लक्ष्मी’ चौथा वादा है। पांचवी है ‘युवा निधि’ योजना जो राज्य के युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करती है।

गृह लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण 19 जुलाई को शुरू हुआ था। अंत्योदय, गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) और गरीबी रेखा से ऊपर (एपीएल) राशन कार्ड पर परिवार के मुखिया के रूप में सूचीबद्ध महिलाएं गृह लक्ष्मी योजना के लिए पात्र हैं। एक परिवार में केवल एक महिला ही इस योजना की लाभार्थी होगी।

महिला सरकारी कर्मचारी, करदाता और वे परिवार जिनके पति आयकर देते हैं या जीएसटी रिटर्न दाखिल करते हैं, इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं।

सरकार ने कर्नाटकवन और बैंगलोरवन केंद्रों पर भीड़ कम करने के लिए पंजीकरण के लिए एक व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा (8147500500) भी शुरू की है। व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा से सात लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *