ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर इतिहास रचा जब वह पुरुषों की भाला फेंक फाइनल में 88.17 मीटर के बड़े थ्रो के साथ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। तीन भारतीय खिलाड़ी शीर्ष आठ में रहे। किशोर जेना (84.77 मीटर) और डीपी मनु (84.14 मीटर) क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर रहे। इससे पहले कभी भी विश्व चैंपियनशिप में तीन भारतीय किसी स्पर्धा के शीर्ष आठ में नहीं रहे थे।
यह भारत के लिए वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के ट्रैक एंड फील्ड कैटेगरी में पहला गोल्ड है। नीरज इस कैटेगरी में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में लॉन्ग जम्प में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। जबकि नीरज ने 2022 चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था। इस ऐतिहासिक खेल में दो अन्य भारतीय, किशोर जेना और डीपी मनु भी क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर रहते हुए शीर्ष आठ में रहे। यह अभूतपूर्व उपलब्धि भारतीय एथलेटिक्स में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा ,‘‘ प्रतिभाशाली नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का उदाहरण हैं। उनकी प्रतिबद्धता , जुनून और जज्बा उन्हें सिर्फ एथलेटिक्स में ही नहीं बल्कि समूचे खेल जगत में अद्वितीय उत्कृष्टता का परिचायक बनाता है।” उन्होंने कहा ,‘‘ विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई।”
नीरज चोपड़ा के गोल्ड मेडल जितने पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीतने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई…सिर्फ वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ही नहीं, नीरज चोपड़ा ने कई अन्य चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीता है। एथलेटिक्स के क्षेत्र में यह भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।”
नीरज चोपड़ा के माता-पिता ने नीरज की जीत पर ख़ुशी जाहिर की। उनके पिता ने कहा कि यह पूरे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। वह पूरे देश का बेटा है। वह देश के लिए प्रदर्शन करता है। वहीं उनकी मां ने कहा कि उसने गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उसके वापस आने के बाद हम जश्न मनाएंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनकर नीरज चोपड़ा ने भारतीय खेलों के इतिहास में एक और स्वर्णिम पृष्ठ जोड़ा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह खुशी की बात है कि भारत कई क्षेत्रों में चैम्पियन की भूमिका निभा रहा है और आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ एथलीट नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 में स्वर्ण पदक जीता। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के पहले एथलीट हैं। मैं नीरज चोपड़ा, उनके कोच, उनके परिवार और अन्य खिलाड़ियों को बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि युवा उनसे प्रेरणा लेंगे।
भारतीय सेना ने भी बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में पुरुषों की भाला फेंक में 88.17 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर सूबेदार नीरज चोपड़ा को बधाई दी।
