जेल में बंद कश्मीरी अलगाववादी नेता यासीन मलिक की पत्नी मुशाल हुसैन मलिक को पाकिस्तान में कार्यवाहक सरकार का हिस्सा बनाया गया है। उन्हें मानवाधिकार और महिला सशक्तिकरण पर कार्यवाहक प्रधान मंत्री अनवारुल हक काकर का विशेष सलाहकार नियुक्त किया गया है। मुशाल के पति और जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के कमांडर यासीन मलिक आतंकी फंडिंग मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वर्तमान में दिल्ली की तिहाड़ जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।
दोनों ने 2009 में इस्लामाबाद में शादी की थी और उस समय शादी के उत्सव में पाकिस्तान के कुछ शीर्ष राजनीतिक नेताओं ने भाग लिया था।
पाकिस्तान के पीएम अनवारुल हक काकर की 18 सदस्यीय कैबिनेट ने राष्ट्रपति आरिफ अल्वी के ऐवान-ए-सद्र स्थित आधिकारिक आवास पर शपथ ली। अंतरिम मंत्रिमंडल को आम चुनाव होने तक देश चलाने का काम सौंपा गया है।
पाकिस्तान में अभी आम चुनाव में देरी होगी क्योंकि चुनाव आयोग ने नई जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से परिसीमन करने का फैसला किया है। ईसीपी द्वारा गुरुवार को घोषित कार्यक्रम के अनुसार, परिसीमन 14 दिसंबर को पूरा हो जाएगा, जो विधानसभा भंग होने के बाद चुनाव कराने के लिए 90 दिन की अवधि से अधिक है।
इस बीच, अंतरिम सरकार को आम चुनाव तक नकदी संकट से जूझ रहे देश को चलाने और सत्ता का निर्बाध परिवर्तन सुनिश्चित करने का काम सौंपा गया है।अंतरिम मंत्रिमंडल में 16 संघीय मंत्री और 3 सलाहकार हैं।
पूर्व विदेश सचिव जलील अब्बास जिलानी को विदेश मंत्री, सरफराज बुगती को आंतरिक मंत्री, शमशाद अख्तर को वित्त मंत्री, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अनवर अली हैदर को रक्षा मंत्री और वरिष्ठ पत्रकार मुर्तजा सोलांगी को सूचना मंत्री नियुक्त किया गया है।
खलील जॉर्ज ने अल्पसंख्यक मंत्री, उद्योगपति गौहर इजाज ने उद्योग मंत्री, अकादमिक डॉ. उमर सैफ ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, अहमद इरफान असलम ने कानून मंत्री, प्रसिद्ध अभिनेता जमाल शाह ने संस्कृति मंत्री, अनीक अहमद ने धार्मिक मामलों के मंत्री के रूप में शपथ ली।
