कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के अमेठी से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने यह भी कहा कि अगर प्रियंका गांधी वाड्रा चाहें तो वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं।
राय ने कहा, “राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। अगर प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ना चाहती हैं तो हमारा हर कार्यकर्ता उन्हें जिताने का प्रयास करेगा।”
इस समय राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से सांसद हैं। राहुल गांधी ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में सीपीआई के पीपी सुनीर को लाखों वोटों के अतंर से हराया था। अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के बयान से चर्चा तेज हो गई है कि राहुल गांधी फिर से अमेठी में चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। हाल ही में मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी की सदस्यता को फिर से बहाल किया गया है। उन्होंने मानहानि के मामले में दो साल की सजा सुनाई गई थी जिसके बाद उनकी सांसदी को अयोग्य घोषित किया गया था।
यह निर्णय एक महत्वपूर्ण चुनावी लड़ाई के लिए मंच तैयार करता है क्योंकि राहुल गांधी की उम्मीदवारी उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ सीधे प्रतिस्पर्धा में रखती है।
गौरतलब है कि स्मृति ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कभी कांग्रेस का गढ़ रहे अमेठी में राहुल गांधी को लगभग 55,000 वोटों के अंतर से हराया था।
