CAG रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

भारत के नियंत्रक महालेखा परीक्षक (सीएजी) द्वारा उजागर की गई कई सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को केंद्र पर आरोप लगाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी चुप्पी तोड़ने की मांग की। दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “यह घोटालों का एक बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा, “सरकारी खातों की ऑडिटिंग करने वाली सीएजी ने सात घोटालों को उजागर किया है। अब हमें लगता है कि प्रधानमंत्री और सरकार को सीएजी पर छापा मारना चाहिए कि वे सरकार से कैसे सवाल कर रहे हैं।”

उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कुछ भी गलत नहीं करते हैं और उन्होंने ईमानदारी की छवि बनाई है, लेकिन सीएजी रिपोर्ट इस पर सवाल उठाती है और कहती है कि यह जरूर एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश है।

श्रीनेत ने कहा, “सीएजी ने मोदी सरकार के 7 बड़े घोटालों का पर्दाफाश क‍िया है। मोदी जी को तत्‍काल इस संस्‍था पर ताला लगवाना चाह‍िए और र‍िपोर्ट न‍िकालने वालों को जेल भेजने का काम क‍रना चाहिए। भारतमाला परियोजना और द्वारका एक्सप्रेसवे में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि दोनों परियोजनाओं की लागत बढ़ गई है।”

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, अयोध्या परियोजना कार्यों और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजनाओं और परियोजनाओं में सीएजी द्वारा चिह्नित अनियमितताओं पर भी प्रकाश डाला।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार के 7 बड़े घोटालों का CAG ने खुलासा किया है और वो ये हैं-

1. भारतमाला प्रोजेक्ट की बिडिंग में फर्जीवाड़ा।
2. द्वारका एक्सप्रेस-वे में 1 किमी. सड़क बनाने में 250 करोड़ खर्च।
3. टोल नियमों का उल्लंघन कर NHAI ने जनता से वसूले 132 करोड़।
4. आयुष्मान भारत योजना के 7.5 लाख लाभार्थी एक ही नंबर से लिंक।
5. अयोध्या डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में ठेकेदारों को अनुचित लाभ।
6. ग्रामीण विकास मंत्रालय ने पेंशन स्कीम का पैसा किया प्रचार में खर्च।
7. HAL पर विमान इंजन की डिजाइन-प्रोडक्शन में गंभीर खामी के आरोप, 154 करोड़ का नुकसान।

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए श्रीनेत ने कहा, “सारे घोटाले आपकी नाक के नीचे हो रहे हैं। क्या आप अपनी चुप्पी तोड़ेंगे? क्या आप कार्रवाई करेंगे? क्या सरकार उक्त मंत्रालयों के मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी? अन्य योजनाओं की राशि का उपयोग प्रचार के लिए क्यों किया गया?” आयुष्मान भारत के लाभार्थियों का पैसा किसने गबन किया? ग्रामीण विकास मंत्रालय ने पेंशन स्कीम का पैसा अन्य योजनाओं के प्रचार में क्यों खर्च किया? अयोध्या डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में ठेकेदारों को अनुचित लाभ कौन पहुंचा रहा है?

कांग्रेस नेता ने कहा, “द्वारका एक्सप्रेस-वे में 1 किमी. सड़क बनाने के लिए 250 करोड़ रूपए खर्च किए गए। इस एक्सप्रेस-वे में 2 किलोमीटर सड़क जितने में बनीं, उतने पैसे में मंगलयान मंगल ग्रह पर जा पहुंचा। इस सड़क को दुनिया का आठवां अजूबा घोषित कर देना चाहिए और उसे देखने के लिए टिकट लगनी चाहिए।”

बता दें कि सीएजी ने केंद्र सरकार की कई योजनाओं और परियोजनाओं में अनियमितताओं को उजागर किया है और विपक्षी दलों ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *