अभिनेता अक्षय कुमार ने आधिकारिक तौर पर अपना कनाडाई पासपोर्ट त्याग दिया है और 15 अगस्त 2023 को अपनी भारतीय नागरिकता पुनः प्राप्त कर ली है। अभिनेता ने भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए, अपनी भारतीय नागरिकता के कागजात की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की। अक्षय को पहले कनाडाई पासपोर्ट रखने के लिए आलोचना और ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ा था।
77वें स्वतंत्रता दिवस पर अक्षय कुमार की अपने फैन्स के लिए शुभकामनाएं कुछ अलग थीं। उन्होंने ट्विटर पर अपनी भारतीय नागरिकता के कागजात की एक तस्वीर डाली। उन्होंने बीते दिनों इस बात का उल्लेख किया था कि वह जल्द ही अपना कनाडाई पासपोर्ट त्याग देंगे, और उन्होंने ऐसा ही किया।
अक्षय ने ट्विटर पर लिखा, “दिल और नागरिकता, दोनों हिंदुस्तानी। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं! जय हिंद!”
अक्षय कुमार ने बीते दिनों अपनी कनाडाई नागरिकता के बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए थे। अभिनेता ने कहा था कि उन्होंने इसके लिए आवेदन किया था और अपने देश भारत के प्रति अपने प्यार को साबित करने के लिए वो इसे त्याग देंगे। अक्षय की कनाडाई पासपोर्ट धारक होने के लिए लगातार आलोचना की जाती रही है।
अभिनेता ने कहा था, “भारत मेरे लिए सब कुछ है। मैंने जो कुछ भी कमाया है, जो कुछ भी पाया है वह यहीं से है। और मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे वापस देने का मौका मिला। आपको बुरा लगता है जब लोग बिना कुछ जाने बातें कहते हैं।”
अक्षय कुमार, जो ‘ओएमजी 2’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्मों के लिए लोकप्रिय हैं, ने अपने करियर के उस दौर के बारे में बात की जब उन्होंने 15 से अधिक फ्लॉप फिल्में दीं। ये 1990 के दशक की बात है। अभिनेता ने कहा कि बॉक्स ऑफिस पर उनकी फिल्मों के खराब प्रदर्शन ने उन्हें कनाडाई नागरिकता के लिए आवेदन करने के लिए प्रेरित किया था।
अक्षय ने कहा था, “मैंने सोचा कि ‘भाई, मेरी फिल्में नहीं चल रही हैं और काम तो करना ही पड़ेगा।’ मैं वहां काम के सिलसिले में गया था। मेरा दोस्त कनाडा में था और उसने कहा, ‘यहाँ आओ’। मैंने आवेदन किया और मुझे मिल गया।”
उन्होंने कहा, ”मेरी केवल दो फिल्में रिलीज के लिए बची थीं और यह सौभाग्य है कि वे दोनों सुपरहिट हो गईं। मेरे दोस्त ने कहा, ‘वापस जाओ, फिर से काम करना शुरू करो’। मुझे कुछ और फिल्में मिलीं और मुझे और काम मिलता गया।’ मैं भूल गया कि मेरे पास पासपोर्ट है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे यह पासपोर्ट बदलवाना चाहिए लेकिन अब हां, मैंने अपना पासपोर्ट बदलवाने के लिए आवेदन कर दिया है।”
काम की बात करें तो एक्टर की फिल्म ‘ओएमजी 2’ फिलहाल सिनेमाघरों में चल रही है।
