पश्चिम बंगाल: चोरी के शक में दो महिलाओं की पिटाई, अर्धनग्न कर घुमाया

पश्चिम बंगाल के मालदा का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आया है जिसमें दो महिलाओं को पीटते और अर्धनग्न कर घुमाते हुए दिखाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना तीन से चार दिन पहले की है। मालदा के पाकुआहाट में स्थानीय लोगों ने चोरी के संदेह में दो महिलाओं को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। कथित वीडियो में कई महिलाओं को दो आरोपी महिलाओं पर हमला करते हुए दिखाया गया है।

https://twitter.com/arunpudur/status/1682556249324531713?s=20

जिस महिला को पीटा गया और अर्धनग्न कर घुमाया गया, उसकी बेटी ने दावा किया कि उसकी मां और चाची चोरी के संदेह में जेल में हैं। पीड़ित की बेटी ने कहा, “मेरी माँ और चाची मंगलवार (18 जुलाई) को कुछ नींबू बेचने के लिए बाज़ार गई थीं। वहां एक मिठाई की दुकान का मालिक है जिसने उन पर नींबू चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद सभी ने मेरी मां और मौसी को पकड़ कर पीटा। उन्होंने उन्हें भी निर्वस्त्र कर दिया. यह अन्याय है।”

उसने कहा कि उनकी मां और चाची मालदा की जेल में हैं।

बेटी ने कहा, “अभी मेरी माँ और चाची मालदा की जेल में हैं। एक सिविक वालंटियर के माध्यम से हमें जानकारी मिली। हम भी उनसे मिलने गये थे। हमें बताया गया कि उन्हें सोमवार को रिहा कर दिया जाएगा।”

बंगाल भाजपा के केंद्रीय सह प्रभारी अमित मालवीय ने इस घटना को लेकर ट्वीट किया है और ममता बनर्जी की सरकार को आड़े हाथ लिया है। भाजपा की सांसद लॉकेट चटर्जी ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया है।

मालवीय ने ट्वीट में लिखा, “पश्चिम बंगाल में आतंक का कहर जारी है। मालदा के बामनगोला पुलिस स्टेशन के पाकुआ हाट इलाके में दो आदिवासी महिलाओं को नग्न किया गया, प्रताड़ित किया गया और बेरहमी से पीटा गया, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। यह खौफनाक घटना 19 जुलाई की सुबह घटी. महिला सामाजिक रूप से हाशिए पर रहने वाले समुदाय से थी और एक उन्मादी भीड़ उसके खून की प्यासी थी। लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कुछ नहीं करने का फैसला किया। न तो उन्होंने इस बर्बरता की निंदा की और न ही दुख और पीड़ा व्यक्त की क्योंकि इससे एक मुख्यमंत्री के रूप में उनकी खुद की विफलता उजागर होती।”

भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने ट्वीट कर कहा, “यह राज्यों की बात नहीं है। क्या मणिपुर या पश्चिम बंगाल, इस देश की हर बेटी राजनीति, जाति और पंथ की परवाह किए बिना सम्मान की हकदार है। आवश्यक साक्ष्यों के अनुसार यहां पश्चिम बंगाल के मालदा में महिलाओं पर कैसे हमला किया जाता है, इसके चौंकाने वाले और भयावह दृश्य हैं।”

वहीँ इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की मंत्री और टीएमसी नेता शशि पांजा ने कहा, “मालदा घटना का राजनीतिकरण करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। यह चोरी का मामला था, जहां दो महिलाओं ने बाजार से कुछ चुराने की कोशिश की। महिलाओं के एक समूह ने कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में लेने की कोशिश की और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *