उत्तराखंड के चमोली में बुधवार को अलकनंदा नदी के तट पर एक ट्रांसफार्मर फटने से एक पुलिस अधिकारी सहित पंद्रह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब पीड़ित नमामि गंगे परियोजना स्थल पर काम कर रहे थे। उत्तराखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने कहा, “एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर और पांच होम गार्ड सहित लगभग 15 लोगों की मौत हो गई है। जांच चल रही है। प्रथम दृष्टया पता चला है कि रेलिंग पर करंट था और जांच से और जानकारी सामने आएगी।”
घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है और पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है।
इस हादसे को लेकर गुस्साए लोग ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। वे निगम के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इधर हादसे के जानकारी होते ही प्रोजेक्ट का काम रोक दिया गया है। फिलहाल बचाव और राहत के लिए टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। हादसे में पीपलकोटी के चौकी प्रभारी की भी जान चली गई।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ”यह एक दुखद घटना है. जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है और हेलीकॉप्टर के जरिए एम्स ऋषिकेश में शिफ्ट किया जा रहा है। मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।”
