महाराष्ट्र के धुले जिले में मंगलवार को मुंबई-आगरा राजमार्ग पर एक कंटेनर ट्रक और तीन गाड़ियों की टक्कर में 15 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। ट्रक मध्य प्रदेश से धुले की ओर जा रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना मुंबई से 300 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित धुले में मुंबई-आगरा राजमार्ग पर पलासनेर गांव के पास सुबह करीब 10:45 बजे हुई।
दुर्घटना के सीसीटीवी फुटेज में ट्रक पूरी गति से चलता हुआ और एक सफेद कार से टकराता हुआ दिखाई दे रहा है। जैसे ही ट्रक वाहन से टकराया, हवा में धूल का बड़ा गुबार उड़ गया। टक्कर से सड़क किनारे खड़े कुछ लोग चपेट में आ गए।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पीड़ितों में कुछ वे लोग भी शामिल हैं जो स्टॉप पर बस का इंतजार कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि घायलों को शिरपुर और धुले के अस्पतालों में ले जाया गया है।
