PM मोदी से मिले एलन मस्क, खुद को बताया ‘मोदी का फैन’; कहा, टेस्ला करेगी भारत में निवेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में टेस्ला के सीईओ एलन मस्क से मुलाकात की। प्रधानमंत्री तीन दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद एलन मस्क ने भारत आने की इच्छा जताई और कहा कि वह अगले साल भारत का दौरा करेंगे। मस्क ने खुद को “मोदी का प्रशंसक” बताया और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “मैं भारत के भविष्य को लेकर अविश्वसनीय रूप से उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि दुनिया के किसी भी बड़े देश की तुलना में भारत में अधिक संभावनाएं हैं।”

न्यूयॉर्क में एलन मस्क से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, एलन मस्क आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा। हमने ऊर्जा से लेकर आध्यात्मिकता तक के मुद्दों पर बहुआयामी बातचीत की।

वहीं, एलन मस्क ने कहा, मैं अगले साल भारत का दौरा करने की योजना बना रहा हूं। मुझे विश्वास है कि मानवीय रूप से संभव होते ही जल्द से जल्द टेस्ला भारत में काम करेगा। मैं PM मोदी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं उनका बड़ा फैन हूं। उम्मीद है कि हम भविष्य में कुछ घोषणा करेंगे। भारत में बड़ा निवेश होने की संभावना है।

इसके अलावा पीएम मोदी ने न्यूयॉर्क में ग्रैमी पुरस्कार विजेता भारतीय-अमेरिकी गायक फाल्गुनी शाह से भी मुलाकात की। पीएम से मुलाकात के बाद फाल्गुनी शाह ने कहा कि पीएम मोदी को देखकर उन्हें काफी अच्छा लगा।

पीएम ने न्यूयॉर्क में अमेरिकी शिक्षाविदों के समूह से मुलाकात की। ये शिक्षाविद कृषि, विपणन, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े थे। पीएम मोदी ने जिन शिक्षाविदों से मुलाकात की, उसमें अमेरिकी खगोल वैज्ञानिक, लेखक और विज्ञान संचारक नील डेग्रास टायसन, निवेशक रे डेलियो, प्रोफेसर पॉल रोमर, प्रोफेसर रॉबर्ट थुरमैन और प्रोफेसर नसीम निकोलस तालेब शामिल थे।

PM मोदी से मुलाकात के बाद प्रोफेसर पॉल रोमर ने कहा, यह एक शानदार मुलाकात थी. हमने शहरी विकास के महत्व के बारे में बात की। वे इन मुद्दों को अच्छी तरह समझते हैं। प्रधानमंत्री ने इसे बहुत अच्छी तरह से व्यक्त किया कि शहरीकरण कोई समस्या नहीं है। यह एक अवसर है. भारत आधार जैसी पहल से प्रमाणीकरण के मोर्चे पर दुनिया को रास्ता दिखा सकता है।

नील डेग्रास टायसन ने कहा, मुझे उनके साथ समय बिताकर खुशी हुई। भविष्य को लेकर उनकी सोच के बारे में जानकर खुशी हुई। मुझे पूरा यकीन है कि भारत जो हासिल कर सकता है उसकी कोई सीमा नहीं है। इसलिए मैं भारत का बहुत उज्ज्वल भविष्य देखता हूं।

पेन्सिलवेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी की अध्यक्ष नीली बेंदापुडी ने कहा, यह एक अविश्वसनीय मुलाकात थी। प्रधानमंत्री के साथ बैठना और उनकी दृष्टि को सुनना कि ये दो महान लोकतंत्र भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका एक साथ कैसे काम कर सकते हैं, वास्तव में प्रेरणादायक है।

मालूम हो कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन के आमंत्रण पर पीएम मोदी 21-24 जून तक अमेरिका के दौरे पर हैं।

मंगलवार रात अमेरिका दौरे पर न्यूयॉर्क पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय ने भव्य स्वागत किया।

भारतीय समुदाय के सदस्यों द्वारा न्यूयॉर्क हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। कुछ ने प्रधानमंत्री से हाथ मिलाने की कोशिश की तो कुछ ने उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश की।

प्रधानमंत्री मोदी के अमेरिकी दौरे में कई अहम समझौते होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि ये भारत को सुपरपावर बनाने वाली अब तक की सबसे बड़ी डिफेंस डील होगी। भारतीय रक्षा मंत्रालय ने पिछले हफ्ते ही अमेरिकी प्रीडेटर ड्रोन 31 MQ-9B की खरीद को मंजूरी दी है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी इस तीन अरब डॉलर की डील का ऐलान कर सकते हैं।

नरेंद्र मोदी भारत के दूसरे ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो अमेरिका के राजकीय दौरे पर गए हैं। वह 22 जून को अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। अब तक किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री दो बार अमेरिकी संसद को संबोधित नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *