कर्नाटक: कांग्रेस विधायक दल ने मल्लिकार्जुन खड़गे को सीएम के चयन पर फैसला लेने के लिए किया अधिकृत

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) ने सर्वसम्मति से एक संक्षिप्त प्रस्ताव पारित किया। इस बैठक में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक में विधायक दल के अगले नेता को नामित करने का अधिकार दिया गया। बेंगलुरु के शांगरी-ला होटल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक समाप्त होने के बाद एक-पंक्ति का प्रस्ताव जारी किया गया जिसमें लिखा है कि, “कांग्रेस विधायक दल ने सर्वसम्मति से विधायक दल के अगले नेता के चयन का निर्णय AICC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर छोड़ने का फैसला किया है।”

आज कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार का जन्‍मदिन है। सोमवार सुबह कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के समर्थक उनके जन्मदिन के अवसर पर डी.के. शिवकुमार के आवास पर केक लेकर पहुंचे। उन्होंने डी.के. को माला पहनाई। शिवकुमार बेंगलुरु के शांगरी-ला होटल पहुंचे। इसी होटल में कांग्रेस विधायक दल(CLP) की बैठक हुई थी, बैठक में सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल के नेताओं के चयन को AICC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्णय पर छोड़ने का फैसला किया गया।

इससे पहले रविवार रात को शांगरी-ला होटल के बाहर कांग्रेस नेता सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डी.के. शिवकुमार के समर्थकों ने नारेबाजी भी की।

बैठक के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में दो प्रस्ताव लाए गए जिसमें कर्नाटक की जनता का धन्यवाद किया गया और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस विधायक दल के नेता का चुनाव करेंगे यह कहा गया। वहीं कांग्रेस सांसद व नेता के. सी. वेणूगोपाल ने कहा कि विधायकों की राय लेने की प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। यह एक सर्वसम्मत प्रस्ताव है जिसे सिद्धारमैया जी ने पेश किया और डी.के. शिवकुमार सहित सभी वरिष्ठ नेताओं द्वारा इसका समर्थन किया गया है।

सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी है। प्रेक्षकों ने सभी विधायकों से अलग से मुलाकात कर अपने विचार दर्ज किए हैं। अब वे कांग्रेस नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट देंगे और उसके बाद हम कांग्रेस विधायक दल के अगले नेता की घोषणा करेंगे।

यह उम्मीद की जा रही थी कि इस बैठक से उन अटकलों पर विराम लग सकता है कि संभावित अग्रगामी – डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया में से कौन मुख्यमंत्री बनेगा। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के दिल्ली जाने की भी संभावना है। मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा नियुक्त तीन पर्यवेक्षक – सुशील कुमार शिंदे, जितेंद्र सिंह और दीपक बाबरिया भी राष्ट्रीय राजधानी का दौरा करेंगे।

इस बैठक से पहले कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया था कि पर्यवेक्षक कांग्रेस के हर विधायक से मौखिक राय लेंगे और दिल्ली में खड़गे को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे।

कर्नाटक चुनाव में प्रचंड जीत के बाद, सबसे पुरानी पार्टी के पास अब यह तय करने की जिम्मेदारी बची है कि राज्य में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। शिवकुमार और सिद्धारमैया दोनों के समर्थकों ने बेंगलुरु के शांगरी ला होटल के बाहर अपने पसंदीदा नेता के लिए खूब नारेबाजी की। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने 224 में से 136 सीटों पर जीत दर्ज की है। पार्टी को 43 फीसदी वोट शेयर मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *