सीबीएसई कक्षा 12वीं का परिणाम घोषित: 87.33% हुए पास, लड़कियों ने मारी बाजी

सीबीएसई कक्षा 12 परिणाम 2023 आज, 12 मई को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई द्वारा घोषित किया गया है। सभी उम्मीदवार अपना सीबीएसई कक्षा 12वीं परिणाम 2023 आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं, जिसका लिंक cbse.nic.in है। लड़कियों ने लड़कों से 6.01 फीसदी बेहतर किया है। सीबीएसई कक्षा 12 परिणाम 2023 का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.33 प्रतिशत है।

त्रिवेन्‍द्रम जोन ने 99.91 प्रतिशत के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कों का र‍िजल्‍ट जहां 84.67 प्रतिशत रहा है, वहीं लड़कियों का रिजल्‍ट 90.68 प्रतिशत है।

इस साल 12वीं बोर्ड रिजल्ट में जवाहर नवोदय विद्यालय ने 97+% पास प्रतिशत के साथ स्कूलों में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि अगर राज्य की बात करें तो त्रिवेंद्रम जोन में सबसे ज्यादा 99.91% छात्र पास हुए हैं।

12वीं क्लास में 1.36% छात्र-छात्राओं को 95% प्लस मार्क्स मिले हैं और 6.8% छात्रों को 90% प्लस मार्क्स मिले हैं। वहीं 7.57% छात्रों की कंपार्टमेंट आई है।

स्टेट-वाइज रिजल्ट की अगर बात करें तो इस बार 99.91 प्रतिशत के साथ त्रिवेंद्रम टॉप पर है। जबकि बेंगलुरु और चेन्नई क्रमश: 98.64%, 97.40% के साथ दूसरे व तीसरे स्थान पर है। दिल्ली वेस्ट (93.24%) और दिल्ली ईस्ट (91.50%) क्रमश: चौथे और छठवें नंबर पर है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में पास होने वाले छात्रों को बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर उन छात्रों से आग्रह किया जो शायद अपनी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हों, वे हिम्मत न हारें और अपने सपनों का पीछा करने के लिए कड़ी मेहनत करना जारी रखें। साथ ही उन्होंने बोर्ड रिजल्ट में छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन को सराहा है। उन्होंने लिखा, जिन्होंने इस वर्ष के परिणामों में भी लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने समाज में लड़कियों की शिक्षा की बाधाओं को दूर करने के महत्व पर जोर दिया। उनके संदेश का उद्देश्य छात्रों को उनके लक्ष्यों और आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करना है।

संयम भारद्वाज (परीक्षा नियंत्रक, सीबीएसई) ने कहा कि, “12वीं की बोर्ड परीक्षा में करीब 17 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। रिजल्ट का प्रतिशत पिछले साल की तुलना में थोड़ा कम है। लड़कियों ने फिर से बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, लड़कियों में 90% से अधिक पास प्रतिशत दर्ज किया गया। यदि कोई छात्र 5 में से एक विषय में 33% से कम अंक प्राप्त करता है, तो उसे कंपार्टमेंट परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी जो जुलाई में आयोजित की जाएगी।

हालांकि, पिछले साल की तुलना में दोनों जेंडर में पास प्रतिशत कम हुआ है।

पिछले साल सीबीएसई बोर्ड में 91.25 फीसदी लड़के पास हुए थे, जबकि इस साल 84.67 लड़के ही पास हुए हैं। पिछले साल 94 फीसदी छात्राएं पास हुई थीं जबकि इस साल 90.68 छात्राएं ही पास हुई हैं।

इस साल, अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा से बचने के लिए सीबीएसई मेरिट लिस्ट जारी नहीं करेगा। इसके अलावा, प्रतियोगिता से बचने के लिए 1st, 2nd और 3rd डिवीजन को भी पुरस्कृत नहीं किया जाएगा।

बता दें कि इस साल कुल 38,83,710 छात्रों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2023 के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। इनमें 10वीं क्लास के 21,86,940 छात्र और 12वीं क्लास के 16,96,770 छात्र शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *