आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अधिकांश राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों ने प्रदेश के लिए उड़ान भरना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को कर्नाटक के मांड्या में रैली को संबोधित किया।
कर्नाटक के मांड्या जिले में रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “धर्म के आधार पर आरक्षण भारत के संविधान के खिलाफ है।”
योगी ने कहा कि, “आज कांग्रेस विकास की बात कर बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन उनकी विकास की हकीकत क्या थी, पंचवर्षीय योजना। एक प्रोजेक्ट बनता था एक पंचवर्षीय योजना लग जाती थी। अगली पंचवर्षीय योजना में उसका शिलान्यास होता था, तीसरी में कार्यावंटन होता था। चौथी पंचवर्षीय योजना के शुरू होते ही वह प्रोजेक्ट दम तोड़ देता था और प्रोजेक्ट कभी पूरा नहीं होता था। पीएम मोदी जब किसी योजना की नींव रखते हैं तो उसका उद्घाटन भी करते हैं”।
उत्तर प्रदेश में नो कर्फ्यू नो दंगा वहां पर है सब चंगा। उन्होंने कहा कि, एक ओर डबल इंजन की सरकार PFI को बैन करती है और दूसरी ओर कांग्रेस तुष्टिकरण का काम करती है, उन्हें धर्म के आधार पर आरक्षण देने का काम करती है। धर्म के आधार पर आरक्षण भारत के संविधान के विपरीत है, असंवैधानिक है।
कर्नाटक रैली के दौरान यूपी के सीएम योगी ने कहा कि, ‘प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में भारत आज टीम इंडिया के रूप में कार्य कर रहा है। टीम इंडिया में कितने प्लेयर शामिल हों यह कर्नाटक की जनता को तय करना है। टीम इंडिया में जितने प्लेयर जाएंगे। टीम उतनी ही मजबूती से काम करेगी।’
योगी ने कहा कि, ‘उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का संबंध आज से नहीं, त्रेतायुग से है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के वनवास के सबसे अभिन्न सहयोगी श्री हनुमान जी का जन्म इसी कर्नाटक की धरती पर हुआ था’। उन्होंने कहा- भगवान श्रीराम के अनन्य सहयोगी के रूप में अगर कोई मिला था तो वे बजरंग बली हनुमान जी मिले थे। यह वही कर्नाटक की धरती है। यह मित्रता कितनी अभिन्न है। दुनिया में जहां कहीं भगवान राम का मंदिर होगा। वहां हनुमान जी का मंदिर जरूर होगा।
अपने भाषण के अंत में योगी आदित्यनाथ ने कर्नाटक के लोगों को कन्नड़ भाषा में भी अयोध्या आने का न्योता दिया। योगी ने कहा कि, ‘जनवरी 2024 में मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका होगा। मोदीजी के करकमलों से रामलला की मूर्ति रखी जाएगी। 500 वर्षों में ऐसा पहली बार होगा। प्रभु राम के मंदिर में रामलला के विराजमान होने के शुभ अवसर पर आप लोगों को आमंत्रित करने आया हूं’।
मांड्या में रैली करने से पहले योगी आदित्यनाथ ने जिले में रोड शो भी किया। कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है और मतगणना 13 मई को होनी है।
