महाराष्ट्र में शिंदे-फडणवीस सरकार का डेथ वारंट जारी, 20 दिनों में गिर जाएगी: संजय राउत

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया है कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार का “डेथ वारंट” जारी हो गया है और यह अगले 20 दिनों के भीतर गिर जाएगी। उद्धव ठाकरे के शिवसेना गुट के एक नेता राउत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले में देरी ने भाजपा-शिवसेना सरकार की जीवन रेखा बढ़ा दी है वरना यह फरवरी में ही गिर जाती।

संजय राउत ने कहा- “इस सरकार का डेथ वारंट जारी हो चुका है। अभी तारीख का ऐलान होना बाकी है। मैंने पहले ही कहा था कि शिंदे सरकार फरवरी में गिर जाएगी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले में देरी के कारण इस सरकार की लाइफलाइन बढ़ गई है। यह सरकार अगले 15-20 दिनों में गिर जाएगी”।

सुप्रीम कोर्ट ने पिछले महीने उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के धड़ों की याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। ये याचिकाएं पिछले साल राज्य में हुए राजनीतिक उठापटक से जुड़ी हुई थीं। एक याचिका में शिंदे के साथ गए 16 शिवसेना विधायकों को अयोग्य घोषित ठहराने की मांग की गई थी। राउत को उम्मीद है कि कोर्ट इस मामले में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के पक्ष में फैसला सुनाएगा। इससे पहले राउत ने फरवरी में शिंदे सरकार के गिरने का दावा किया था।

राज्यसभा सांसद संजय राउत ठाकरे नेतृत्व के खिलाफ बगावत करने वाले शिवसेना के 16 विधायकों को अयोग्य ठहराने की याचिका सहित कई याचिकाओं पर लंबित सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र कर रहे थे।

मालूम हो कि पिछले साल जून में एकनाथ शिंदे और 39 विधायकों ने उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत कर दी थी जिसके परिणामस्वरूप पार्टी का विभाजन हुआ और ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास अघाड़ी सरकार (जिसमें एनसीपी और कांग्रेस भी शामिल हैं) गिर गई। शिंदे ने बाद में भाजपा के साथ गठबंधन सरकार बनाई। एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री के रूप में तो भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *