विवेकानंद रेड्डी हत्याकांड में सीबीआई ने आंध्र के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के चाचा को किया गिरफ्तार

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पूर्व सांसद विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में वाईएसआरसीपी सांसद वाईएस अविनाश रेड्डी के पिता और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के चाचा वाईएस भास्कर रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया है। वाईएस भास्कर रेड्डी के खिलाफ धारा 120 (बी) (साजिश), 302 (हत्या), 201 (सबूतों से छेड़छाड़) के तहत मामला दर्ज किया गया है। भास्कर रेड्डी की गिरफ्तारी सीबीआई की तरफ से 48 घंटे के अंदर की गई दूसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले जांच एजेंसी ने कडप्पा सांसद वाईएस अविनाश रेड्डी के करीबी गज्जला उदय कुमार को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद CBI भास्कर रेड्डी को कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला से हैदराबाद ले गई और उन्हें एक जज के सामने पेश किया। अदालत ने भास्कर को 14 दिनों की हिरासत में भेज दिया। इस बीच भास्कर रेड्डी के वकीलों ने जज से कहा है कि भास्कर का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। वकीलों में से एक ने कहा कि भास्कर रेड्डी को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है। वकील के मुताबिक भास्कर रेड्डी के लिए मेडिकल हेल्प और अन्य सुविधाओं का अनुरोध करने पर जज ने कहा कि जेल अधीक्षक हर चीज का ध्यान रखेंगे। वकीलों ने सीबीआई से भास्कर रेड्डी के स्वास्थ्य का ध्यान रखने का भी अनुरोध किया है।

आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के छोटे भाई विवेकानंद आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले पुलिवेंदुला स्थित अपने आवास पर 15 मार्च 2019 को मृत पाए गए थे। भास्कर रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी के चाचा हैं। भास्कर रेड्डी पर अपने ही भाई के कत्ल का आरोप है।

इस मामले की जांच शुरू में राज्य अपराध जांच विभाग के एक विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की गई थी, लेकिन जुलाई 2020 में इसे सीबीआई को सौंप दिया गया था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 26 अक्टूबर 2021 को इस हत्या के मामले में चार्जशीट दायर की थी और 31 जनवरी, 2022 को एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दायर की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *