पंजाबी अभिनेता अमन धालीवाल पर अमेरिका में चाकू से हमला हुआ है। इस हमले में धालीवाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हमले का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। अभिनेता धालीवाल पर यह हमला उस समय हुआ जब वह जिम में कसरत कर रहे थे। हमले की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैप्चर हो गई। हमले का एक वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। फिलहाल, अमन अस्पताल में भर्ती है और और उनका इलाज चल रहा है।
वीडियो में हमलावर नीले रंग की हुडी पहने हुए है। उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, “कृपया, हमारा सम्मान करो! मुझे पानी दो। मुझे पानी चाहिए!” अनजान शख्स अमन के चेहरे पर चिल्लाकर उसे डराने की कोशिश करता है और दूसरों से कहता है, “तुम मेरा फायदा उठाना चाहते हो। जब वह अपने सिर से हुडी उतारकर अपना चेहरा दिखाता है, तो अमन उसे नीचे उतारने की कोशिश करता है। जिम के अन्य सदस्य भी उसकी मदद के लिए आते हैं। वे उसे पकड़ कर रखते हैं और कहते हैं, “रेसिस्ट करना बंद करो!” अमन हरे रंग की स्वेटशर्ट और जॉगिंग पैंट में साइड में नंगे पांव खड़ा है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमन पर कैलिफोर्निया के ग्रैंड ओक्स में प्लैनेट फिटनेस में हमला किया गया था। हमले की यह घटना सुबह करीब 9:20 बजे हुई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
हमले के बाद अभिनेता अमन धालीवाल की एक तस्वीर में उन्हें बैंडेज में दिखाया गया है। धालीवाल के हाथों और शरीर पर पट्टियां लगी हुई नजर आ रही है।
अमन धालीवाल एक भारतीय अभिनेता हैं जो मुख्य रूप से पंजाबी सिनेमा में काम करते हैं। वह पंजाबी फिल्मों जैसे इक कुड़ी पंजाब दी, अज दे रांझे और अन्य फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। अमन पंजाबी फिल्मों के अलावा जोधा अकबर और बिग ब्रदर जैसी बॉलीवुड फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। अभिनेता इश्क का रंग सफ़ेद, पोरस और विघ्नहर्ता गणेश जैसे टीवी शो का भी हिस्सा रहे हैं।
बता दें कि अमन धालीवाल मिठू सिंह कहनेके और गुरतेज कौर धालीवाल के बेटे हैं। उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती दिन मानसा, पंजाब में बिताए। अमन धालीवाल ने दिल्ली के एक मेडिकल कॉलेज से रेडियोलॉजी में स्नातक और अस्पताल प्रशासन में स्नातकोत्तर किया है। इससे पहले साल 2015 में लुधियाना से अपनी कार में घर लौटते समय अभिनेता पर चार अज्ञात लोगों ने हमला किया था।
