बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल का एक नया सीसीटीवी वीडियो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से सामने आया है। वीडियो में उमेश पाल को असद से लड़ते हुए देखा जा सकता है, जो उस पर गोलियां चलाता है। असद उमेश पाल के सिर में गोली मारने की कोशिश करता दिख रहा है, जबकि दोनों एक संकरी गली में हाथापाई भी करते दिख रहे हैं।
सीसीटीवी वीडियो में दिख रहा है कि उमेश पाल और शूटर के बीच हाथापाई होती है। इस बीच गोलियों की आवाज सुनकर उमेश पाल के पुराने घर से एक लड़की बाहर निकलकर उन्हें बचाने के लिए पहुंचती है। लेकिन शूटरों को देखते ही वह डरकर वापस भागती है। इस सीसीटीवी में वारदात में मारे गए गनर राघवेंद्र का भी वीडियो है। गोली लगने से घायल राघवेंद्र भी उमेश पाल के पीछे गली में भागते हैं. तभी गुड्डू मुस्लिम गनर राघवेंद्र पर बम फेंक देता है। बम इतना शक्तिशाली होता है कि चारों तरफ धुआं ही धुआं नजर आने लगता है। इसी बम से गनर राघवेंद्र बुरी तरह घायल हो जाता है और बाद में उनकी मौत हो जाती है।
उमेश पाल और उनके पुलिस सुरक्षा गार्ड संदीप निषाद की 24 फरवरी को प्रयागराज के धूमनगंज में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस बीच, उत्तर प्रदेश पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में पूर्व सांसद अतीक अहमद के बेटे असद सहित पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले के लिए इनाम ढाई लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया है। अन्य चार आरोपियों के नाम- अरमान, गुलाम, गुड्डू और साबिर हैं।
बता दें कि उमेश पाल की हत्या से कथित रूप से जुड़े दो लोग अरबाज और विजय चौधरी उर्फ उस्मान क्रमशः 27 फरवरी और 6 मार्च को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए थे। अतीक अहमद फिलहाल गुजरात की जेल में बंद है।
