बिहार के सारण में गौमांस ले जाने के संदेह में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, 3 लोग गिरफ्तार

बिहार के सारण जिले में बीफ ले जाने के शक में 56 वर्षीय एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि नसीम कुरैशी की पीट-पीट कर हत्या करने के आरोप में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में गिरफ्तार लोगों की पहचान सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के योगिया गांव के सरपंच सुशील सिंह, ग्रामीण रवि साह और उज्जवल शर्मा के रूप में हुई है। हालांकि पुलिस ने पीड़ित के पास से गोमांस बरामद होने की पुष्टि नहीं की है। 56 वर्षीय नसीम कुरैशी सीवान जिले के हसनपुर गांव के रहने वाले थे।

ये घटना मंगलवार को उस समय हुई जब नसीम और उसका भतीजा फिरोज कुरैशी सारण जिले के जोगिया गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। दोनों को जोगिया गांव में एक भीड़ ने कथित तौर पर इस संदेह पर रोक लिया कि वे एक बैग में गोमांस ले जा रहे हैं। जोगिया गांव रसूलपुर थाने के अंतर्गत आता है।

इस घटना में जहां फिरोज भागने में सफल रहा, वहीं नसीम को कथित तौर पर भीड़ ने पीटा और बाद में स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने कहा कि उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

नसीम के परिवारवालों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। नसीम के भाई अशरफ कुरैशी ने कहा, ‘स्थानीय पुलिस दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। पुलिस मेरे गंभीर रूप से घायल भाई को एंबुलेंस के बजाय मोटरसाइकिल पर ले गई।’ उन्होंने कहा कि उन्होंने छपरा के एसपी से घटना की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है। पूर्व सैनिक अशरफ ने कहा, ‘ऐसी घटनाएं किसी के साथ नहीं होनी चाहिए।’

सारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव मंगला ने बताया, “दोनों को स्थानीय लोगों ने एक मस्जिद के पास रोका… और इसके बाद गरमागरम बहस हुई। फ़िरोज़ भागने में सफल रहा, भीड़ ने कथित तौर पर नज़ीम को लाठियों से पीटा। बाद में भीड़ ने खुद नसीम को रसूलपुर गांव (सारण) में पुलिस को सौंप दिया, जिसके बाद उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई”।

एसपी ने बताया, “मॉब लिंचिंग के आरोप में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले में शामिल अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए एक अभियान भी शुरू किया है। मामले की गंभीरतापूर्वक जांच की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *