राजस्थान में शख्स ने प्रेमिका की हत्या की, शरीर के कटे हुए हिस्से कई जगहों पर फेंके; जांच जारी

दिल्ली के श्रद्धा वाकर हत्याकांड जैसा ही एक मामला राजस्थान के नागौर में सामने आया है। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी विवाहित प्रेमिका की हत्या कर दी जो उसे कथित तौर पर उससे शादी करने के लिए मजबूर कर रही थी। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपराध कबूल कर लिया।

मृतका के परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद पुलिस हरकत में आई। आरोपी ने महिला के शरीर के अंगों को क्षत-विक्षत कर दिया था। महिला की पहचान गुड्डी के रूप में हुई है। कथित ह्त्या के 25 दिन बाद भी महिला के शरीर के अंग बरामद किए जा रहे हैं।

आरोपी अनोपराम ने पुलिस को बताया कि उसने पीड़िता के शरीर के अंगों को डेरवा गांव के पास एक कुएं में फेंक दिया था। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों द्वारा तीन दिनों तक कुएं में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पीड़ित के शरीर के अंगों का पता लगाने के लिए तलाशी के समय ड्रोन कैमरे भी लगाए गए थे।

पीड़िता नागौर जिले के श्री बालाजी थाना क्षेत्र के बालासर गांव की एक विवाहिता थी और 20 जनवरी को वह अपनी ससुराल मुंडासर जाने की बात कहकर मायके से निकली थी। जब दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पीड़ित महिला से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था।

22 जनवरी को उसके परिजनों ने श्री बालाजी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और 28 जनवरी को नागौर शहर के मालवा रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय के पीछे झाड़ियों में महिला के कपड़े, बाल, जबड़ा इत्यादि मिला। पुलिस ने परिजनों को थाने पहुंचकर खून से सने उसके कपड़ों की शिनाख्त करने को कहा। गुड्डी के कपड़ों की पुष्टि होने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने उसी दिन मालवा रोड पर हाउसिंग बोर्ड के पास मोटरसाइकिल पर आरोपी के साथ गुड्डी को देखा था।

प्रारंभिक जांच में पीड़ित महिला के प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने हत्या की साजिश रची और अपनी प्रेमिका की हत्या की। यहां तक कि उसने उसके शरीर को टुकड़ों में काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंकने की बात भी कबूल की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि गुड्डी ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया और इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने गुड्डी के शरीर के अंगों को डेरवा गांव के के कुएं में फेंक दिया। लेकिन लगातार तीन दिन की तलाश के बाद भी अधिकारी इसे बरामद करने में विफल रहे।

नागौर सीओ विनोद कुमार सिपा ने बताया कि पुलिस ने गुड्डी के परिवार का डीएनए सैंपल लिया और साथ ही अलग-अलग जगहों से बरामद जबड़े और हड्डियों के डीएनए का टेस्ट कराया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और सैंपल मैच कर गए हैं।

नागौर के पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी ने कहा कि आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने गुड्डी की हत्या की थी लेकिन पहले वह पुलिस को गुमराह कर रहा था। जल्द ही आरोपी का जयपुर में पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *