तमिलनाडु के दुग्ध और डेयरी विकास मंत्री एसएम नासर ने तिरुवल्लुर में अपनी पार्टी डीएमके के कार्यकर्ता पर पत्थर फेंका। मंत्री जी के पत्थर फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 7 सेकंड के इस वीडियो में दिख रहा है कि नासर एक खुली जगह पर खड़े हैं और उनके पीछे कुछ लोग भी साथ खड़े नजर आ रहे हैं। मंत्री जी पहले तो किसी शख्स पर गुस्सा होते दिख रहे हैं और तभी वे अचानक अपना आपा खो देते हैं और पत्थर उठाकर डीएमके कार्यकर्ता पर फेंक देते हैं।
दरअसल मामला ये था कि मंत्री जी के बैठने के लिए कुर्सी लाने में कार्यकर्ता को देर हो गई थी, जिसके बाद नेताजी आगबबूला हो गए और उन्होंने कार्यकर्ता पर पत्थर फेंक दिया।
मालूम हो कि एसएम नासर अपने विधानसभा क्षेत्र में काफी एक्टिव रहते है। मंत्री जी के अभ्रदता का ये वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद से लोग मंत्री जी का मजाक उड़ा रहे है। नासर ने पिछले विधानसभा चुनाव में अवाडी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और माफा पांडियाराजन को हराया था।
साल 2022 में नासर ने एक गलत जानकारी फैलाकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार ने दूध पर जीएसटी लगा दिया है। डीएमके मंत्री 4 नवंबर 2022 को राज्य सरकार के स्वामित्व वाले आविन द्वारा दूध की कीमतें बढ़ाए जाने पर बोल रहे थे। डीएमके मंत्री ने तब कहा था, ‘केंद्र सरकार ने दूध पर भी जीएसटी लगा दिया है। यह अभूतपूर्व फैसला है। दूध पर जीएसटी लगाए जाने से दूध की कीमत बढ़ गई है।’ तब तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई ने एसएम नासर पर हमला बोलते हुए कहा था कि उनको यह भी नहीं मालूम कि दूध जीएसटी के दायरे से बाहर है। उन्होंने मंत्री की अज्ञानता बताते हुए उनकी जमकर आलोचना की थी।
