‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 130वां दिन: मंगलवार सुबह जम्मू के नगरोटा से शुरू हुई यात्रा, बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी हुई शामिल

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की आज की शुरुआत जम्मू के नगरोटा से हुई। यात्रा में आज उर्मिला मातोंडकर शामिल हुईं और उन्होंने राहुल गांधी के साथ पदमार्च किया। आज झज्जर कोटली तक यात्रा का जाना प्रस्तावित है, जिसके आगे रैंबल उधमपुर से यात्रा शुरू होगी। कांग्रेस के शेड्यूल के मुताबिक 25 जनवरी की सुबह 8 बजे यात्रा मैत्रा रामबन से शुरू होकर खोबाग में रुकेगी और दोपहर 2 बजे हरपुरा बनिहाल के लिए रवाना होगी। इस दौरान शाम 4 बजे लंबेड बनिहाल में कॉर्नर बैठक का आयोजन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर यात्रा को विश्राम दिया जाएगा।

मंगलवार सुबह यात्रा में जुड़ने से पहले उर्मिला मातोंडकर ने एक वीडियो शेयर कर कहा कि उनके लिए यह यात्रा राजनीति से अधिक सामाजिक महत्व रखती है। सामाजिक मूल्यों पर चलने वाले इस कारवां में वह शामिल हो रही हैं। इस यात्रा में बहुत सारा प्यार, स्नेह, विश्वास और भारतीयता है और यह भारतीयता का दीया सबके मन में इसी तरह जलता रहना चाहिए।

इससे पहले सोमवार को राहुल गांधी ने सतवारी में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- ‘हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने निकले थे। यात्रा के दौरान देखने को मिला कि लाखों-करोड़ों लोगों ने देश में मोहब्बत की दुकानें खोली है। हर प्रदेश में मुझे देखने को मिला कि देश के सामने कठिनाई है। लोकतंत्र पर लगातार हमला हो रहा है। नोटबंदी, जीएसटी, किसान बिल, चीन मुद्दे पर जब संसद में आवाज उठाने की कोशिश करते तो हमारा माइक बंद कर दिया जाता था’।

राहुल ने कहा- देश को रोज़गार सिर्फ छोटे व्यापारी और लघु और मध्यम व्यवसाय ही दे सकते हैं, देश के 2-3 बड़े उद्योगपति नहीं, इसलिए भारत में बेरोज़गारी फैल रही है। हिंदुस्तान का पूरा का पूरा धन 2-3 उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है’।

उन्होंने सरकार पर एक बार फिर तंज कसते हुए कहा कि कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। पूरा कारोबार देश के कुछ उद्योगपति चला रहे हैं। नोटबंदी से काला धन नहीं मिट सका। नोटबंदी कर छोटे कारोबारियों को नुकसान पहुंचाया गया। छोटे कारोबारी ही रोजगार पैदा कर सकते है।

उन्होंने कहा कि, “जम्मू-कश्मीर में गरीबों से उनकी जमीन छीनी जा रही है। कश्मीरी पंडितों के साथ सरकार अन्याय कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल ने कश्मीरी पंडितों की बात को सही तरीके से नहीं सुना। वह भीख नहीं अपना हक मांग रहे हैं। जम्मू कश्मीर को बाहर के लोग चला रहे हैं। प्रदेश के लोगों की आवाज को प्रशासन नहीं सुनता है। हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा बेरोजगारी जम्मू कश्मीर में है। पढ़ाई करने के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। उनके पास सेना में भर्ती होने का विकल्प था लेकिन केंद्र की अग्निवीर योजना ने उनका सपना तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश बनाकर जम्मू कश्मीर के लोगों का पूरा हक छीन लिया गया। कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है तो इस फिर से प्रदेश का दर्जा बहाल किया जाएगा”।

सतवारी में जनसभा खत्म करने के बाद वह रघुनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने यहां पूजा-अर्चना की। मंदिर में उन्होंने लोगों के साथ ही पुजारियों का हाल जाना।

राहुल गांधी ने कश्मीरी पंडितों से भी मुलाक़ात की। उन्होंने कश्मीरी पंडितों की समस्याओं और अन्य चीजों के बारे में जानकारी ली।

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 26 जनवरी तक यात्रा जम्मू के अलग-अलग जिलों में रहेगी। इस यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आतंकी खतरे की आशंका को देखते हुए राहुल की इस यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था कई चरणों में की गई है।

जयराम रमेश ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने अंतिम चरण में है तथा 27, 28 और 29 जनवरी को कश्मीर घाटी में रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस समय राहुल गांधी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, उस समय सभी जिला कांग्रेस प्रमुख भी अपने-अपने कार्यालयों में तिरंगा फहराएंगे।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी श्रीनगर के लाल चौक इलाके में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और इसके बाद शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने बताया कि ‘‘राहुल गांधी की पदयात्रा 29 जनवरी को समाप्त हो जाएगी। 30 जनवरी को पूर्वाह्न 10 बजे राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पूर्वाह्न 11 बजे श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जनसभा होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए कई विपक्षी नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा-

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के महासचिव जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के अगले अभियान ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के लोगो का भी अनावरण किया। जयराम रमेश ने कहा कि इसका लोगो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तरह ही है, लेकिन अंतर केवल इतना है कि इस पर कांग्रेस के हाथ का चिह्न है। वेणुगोपाल ने कहा कि 26 जनवरी से शुरू होने वाले कांग्रेस के अभियान के तहत पार्टी आरोप पत्र और राहुल गांधी के पत्र को यात्रा के संदेश के साथ घर-घर ले जाएगी। दोनों नेताओं द्वारा जारी आरोप पत्र में भाजपा को भ्रष्ट जुमला पार्टी’ करार दिया गया और आरोप लगाया गया है कि इसका मंत्र कुछ का साथ, खुद का विकास, सबके साथ विश्वासघात है।

बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा ने अब तक 11 राज्यों का सफर तय कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और पंजाब शामिल हैं। राहुल ने अब तक करीब 3500 किमी की यात्रा को पूरा कर लिया है। फिलहाल यात्रा पंजाब में है। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में होगा। श्रीनगर में यात्रा के समापन के लिए 21 पार्टियों को निमंत्रण भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *