नए साल की शुरुआत से ही देश के अलग अलग हिस्सों से महिलाओं के खिलाफ हिंसा का मामला लगातार आ रहा है। अब इस कड़ी में गुरुग्राम का भी नाम जुड़ गया है। हरियाणा के गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति महिला को हेलमेट से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। इस व्यक्ति ने महिला को हेलमेट से पीट-पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। ये पूरी घटना CCTV में भी कैद हुई है।
CCTV वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला के ऑटो से उतरने के बाद आरोपी व्यक्ति उसके पास आया और दोनों में बहस होने लगी। और फिर कुछ देर बाद उस व्यक्ति ने हेलमेट से महिला पर हमला करना शुरू कर दिया। इस बीच कुछ स्थानीय लोगों ने आगे आकर व्यक्ति को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक़ ये घटना गुरुवार देर रात बलदेव नगर की है। पीड़ित महिला ऑटो से अपने घर जा रही थी। इसी दौरान शराब के नशे में धुत आरोपी कमल वहां पहुंच गया। उसने महिला से बाइक पर बैठने को कहा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके सिर पर हेल्मेट से एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार किए। इस घटना में महिला को गंभीर रूप से चोटें आई हैं।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए गुरुग्राम के एसीपी मनोज ने बताया कि, ‘कमल नाम के शख्स ने अपने पड़ोस में रहने वाली महिला पर हेलमेट से हमला किया। लड़की ने उसके साथ बाइक पर बैठने से इनकार कर दिया था। महिला को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल ले जाया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस आरोपी शख्स के खिलाफ अलग अलग धाराओं में केस दर्ज कर लिया है’।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान लिया है। आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने डीजीपी को लिखा कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़िता को मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाए। साथ ही उन्होंने समयबद्ध जांच की भी मांग की है।
बताया जा रहा है कि घायल महिला को सिर में गंभीर चोट आईं हैं। उसके सिर में करीब 20 टांके लगे हैं। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी कमल पहले से उसे परेशान करता था और उस पर तंज कसता था, लेकिन वो अनदेखा कर देती थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
