छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण के विरोध में सोमवार को आदिवासी संगठनों का प्रदर्शन हिंसक हो गया और भीड़ ने एसपी के ऊपर ही हमला बोल दिया, जिससे एसपी सदानंद कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई। दरअसल, धर्मांतरण के विरोध में सोमवार को सर्व आदिवासी समाज ने नारायणपुर बंद बुलाया था और इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के ही कुछ लोगों ने नारायणपुर शहर में स्थित एक चर्च में जमकर तोड़फोड़ की। इसकी जानकारी मिलने के बाद खुद नारायणपुर एसपी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और चर्च में तोड़फोड़ कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने पलटवार करते हुए पुलिस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने एसपी के सिर पर डंडा दे मारा जिससे उनका सिर फट गया। आनन फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उनका उपचार किया गया।
नारायणपुर में बीते 15 दिनों से धर्मांतरण को लेकर दो समुदाय के बीच जमकर विवाद चल रहा है और पिछले 3 दिनों से नारायणपुर जिले में काफी तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई है। ये विवाद शनिवार रात को शुरू हुआ था। उस दिन कुछ लोग धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर गोर्रा गांव में हथियार और लाठी-डंडा लेकर घुसे थे और वहां रह रहे लोगों से मारपीट की थी। बाद में गांव के लोगों की भीड़ जुटने पर हमलावर मौके से भाग निकले थे। इसके बाद रविवार को दो पक्षों में मारपीट की खबर आई। आदिवासी समाज ने दूसरे पक्ष पर जबरदस्ती धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया है। इसी के विरोध में सोमवार को आदिवासी समाज ने बैठक बुलाई थी जिस दौरान ये घटना घटी।
नारायणपुर जिले के एसपी सदानंद कुमार ने अस्पताल में मीडिया से बात करते हुए कहा, “सोमवार दोपहर जब प्रदर्शनकारी विश्व दीप्ति क्रिश्चियन स्कूल के करीब पहुंचे, तब वह स्कूल परिसर में स्थित एक चर्च की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगे। जब मुझे इसकी जानकारी मिली तब मैं अन्य अधिकारियों के साथ वहां पहुंचा और आंदोलनकारियों को शांत करने की कोशिश की। वे शांत भी हो गए थे और वापस लौटने वाले थे। लेकिन अचानक किसी ने पीछे से मेरे सिर पर डंडा मारा, जिससे मैं घायल हो गया।”
वहीं नारायणपुर कलेक्टर अजित वसंत ने कहा कि, ‘कथित धर्मांतरण को लेकर आदिवासी समुदाय के सदस्यों के विरोध के दौरान एसपी नारायणपुर सहित कई लोग घायल हो गए। उन्होंने कथित तौर पर बंगालपारा इलाके में एक चर्च में भी तोड़फोड़ की। घटना में एसपी व कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, जिन्होंने भी मारपीट की है उनके ऊपर जल्द FIR दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि कानून व्यवस्था तोड़ने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा’।
आईजी बस्तर, पी सुंदरराज ने बताया कि अभी स्थिति सामान्य है। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर दर्ज की जा रही है। आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
