‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 99वां दिन: दौसा के गोल्या से आगे बढ़ी यात्रा, राहुल गांधी ने कहा- “मैं तीन बड़े मुद्दों को लेकर इस यात्रा पर निकला हूं”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार सुबह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत गोल्या से की। यात्रा का राजस्थान में आज 11वां दिन है। आज यात्रा 23 किलोमीटर का सफर तय करेगी। राहुल गांधी लंच ब्रेक के दौरान किसानों के साथ चर्चा करेंगे। इसके लिए कई इलाकों से चुनिंदा किसान पहुंचेंगे। स्थानीय किसानों की समस्याओं पर राहुल चर्चा करेंगे।

शाम 3:30 बजे सलेमपुरा से यात्रा का दूसरा फेज शुरू होगा। 6:30 बजे यात्रा मोलाई गांव पहुंचेगी, यह यात्रा का लास्ट पॉइंट है। नांगल राजावतान में यात्रा का रात्रि विश्राम रखा गया है।

इससे पहले बुधवार को यात्रा के दौरान दौसा के बगड़ी में राहुल गांधी ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। राहुल ने कहा कि वे देश के तीन बड़े मुद्दों को लेकर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर निकले हैं। पहला मुद्दा बेरोगजारी का है जिससे आज देश का हर युवा परेशान है, दूसरा मुद्दा महंगाई का है जिसने हर घर का बजट बिगाड़ दिया है और तीसरा नफरत की राजनीति का है जिसके जरिए लोगों में द्वैषता फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मकसद यही कि देश के लोग इन मुद्दों को जाने और उनके बारे में बात करें।

राहुल गांधी ने कहा कि अब तक की यात्रा में उन्हें हजारों ऐसे युवा मिले हैं जिन्होंने रोजगार को लेकर शिकायतें की हैं। इंजीनियरिंग किए हुए युवा आज टैक्सी चलाने और मजदूरी करने को मजबूर हैं। ये हालात हैं हिन्दुस्तान के। उन्होंने कहा कि दूसरा बड़ा मुद्दा देश में महंगाई का है जो लगातार बढती जा रही है। पहले घरेलू गैस सिलेंडर 400 रुपए का आता था जो आज 1100 रुपए का मिल रहा है। पेट्रोल के दाम पहले 60 रुपए प्रति लीटर हुआ करते थे आज 110 रुपए प्रति लीटर है। डीजल के दाम 55 रुपए लीटर हुआ करता था लेकिन आज डीजल 93 रुपए लीटर मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि ये जो पैसा आपकी जेब से निकल रहा है, वह देश के 5 पूंजीपतियों के हाथों में जा रहा है। किसानों के परिवारों की जेब से पैसा निकाल कर कुछ पूंजीपतियों को दिया जा रहा है। इसे समझने की जरूरत है।

राहुल ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाओं के जरिए जनता में डर का माहौल बनाया जा रहा है। पहले नोटबंदी लाई गई, बाद में मनमर्जी की जीएसटी थोप दी गई। इससे देश के आम व्यापारी और मीडिल मेन के दिलों में डर बैठ गया है। इसी डर की वजह से उनके दिलों में नफरत पैदा हो गई है।

राहुल ने कहा कि देश के 55 करोड़ लोगों के पास जितना धन है, उतना धन केवल 100 लोगों के पास है। इन 100 लोगों में 5-6 लोग ऐसे हैं जैसे वे महाराजा हों। पूरी सरकार, पूरा मीडिया और पूरी ब्यूरोक्रेसी उन्हीं के इशारे पर काम करती है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उन्हीं के इशारों पर काम करते हैं।

राहुल गांधी ने RSS पर भी हमला बोला-

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस ‘जय सियाराम’ की जगह ‘जय श्री राम’ बोलकर देवी सीता का अपमान कर रहे हैं। जय सिया राम भगवान राम और देवी सीता दोनों को स्वीकार करता है। राहुल ने कहा, “आपको उनके संगठन में एक महिला नहीं मिलेगी। आपको आरएसएस में एक महिला नहीं मिलेगी। वे महिलाओं को दबाते हैं, वे महिलाओं को अपने संगठन में प्रवेश नहीं करने देते हैं।” उन्होंने कहा, “मैं आरएसएस और भाजपा के लोगों से पूछना चाहता हूं, आप जय श्री राम कहते हैं लेकिन आप जय सियाराम क्यों नहीं कहते हैं? आपने सीता मां को क्यों हटा दिया? आप उनका अपमान क्यों करते हैं? आप भारत की महिलाओं का अपमान क्यों करते हैं?”

‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुक्रवार को 100 दिन पूरे कर रही है और इस मौके पर प्रदेश की राजधानी जयपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘भारत जोड़ो कंसर्ट’ का आयोजन किया जाएगा और यात्रा की अगुवाई कर रहे राहुल गांधी संवाददाताओं को संबोधित करेंगे। इस दिन राहुल गांधी दोपहर में दौसा में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और इस दिन यात्रा में उनके साथ हिमाचल प्रदेश के नव निवार्चित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा वहां के कांग्रेस विधायक भी शामिल होंगे। वहीं शाम को कांग्रेस पार्टी जयपुर में एक संगीत कार्यक्रम आयोजित करेगी जिसमें बॉलीवुड गायिका सुनिधि चौहान प्रस्तुति देंगी। इसमें राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे।

राहुल गांधी 18 दिसंबर को अलवर में भी संवाददता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और इसके अगले दिन जनसभा का आयोजन होगा। यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और इसके बाद कुछ दिनों का विश्राम होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा 2 या 3 जनवरी को दिल्ली से शुरू होगी और फिर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और फिर जम्मू-कश्मीर तक जाएगी। जयराम रमेश ने बताया कि इस यात्रा के तहत 27 से 30 जनवरी के बीच श्रीनगर पहुंचने का प्रयास है।

अब तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में करीब 76 संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी के साथ मुलाकात की है। इसी तरह अभी तक की यात्रा में 158 संस्थाओं के प्रतिनधि राहुल गांधी के साथ पैदल चले हैं।

जिन 18 विधानसभाओं से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ राजस्थान में चल रही है, उनमें से 12 पर कांग्रेस और 6 पर बीजेपी का कब्जा है। इनमें ज्यादातर सीटें गुर्जर और मीणा बहुल हैं जिन पर सचिन पायलट का दबदबा ज्यादा है।

‘भारत जोड़ो यात्रा’18 दिनों तक राजस्थान में रहेगी। इस दौरान यह यात्रा 6 जिलों (झालावाड़, कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर, दौसा और अलवर) में करीब 500 किलोमीटर का सफर तय करेगी और फिर हरियाणा के रास्ते दिल्ली में प्रवेश करेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में राहुल गांधी की यात्रा छह जिलों की 18 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। 18 दिनों की इस यात्रा में राहुल गांधी 15 दिन ही चलेंगे। गांधी 15 दिसंबर को दौसा के लालसोट में किसानों के साथ संवाद करेंगे और 19 दिसंबर को अलवर के मालाखेड़ा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मालूम हो कि 4 दिसंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश से राजस्थान के झालावाड़ जिले के चंवली में प्रवेश कर गई थी।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पार करने के बाद सप्ताह भर का लंबा ब्रेक आएगा। 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक यात्रा का ब्रेक रहेगा। यात्रा के ब्रेक वाले दिनों में राहुल गांधी लोकसभा में जा सकते हैं।

कांग्रेस अब महिला जोड़ो यात्रा निकालने की तैयारी में-

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पैदा हो रहे उत्साह को देखते हुए अब कांग्रेस पार्टी ‘महिला जोड़ो यात्रा’ निकालने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी इसके जरिये महिला वोटर्स तक पहुंच बनाने की योजना बना रही है। कांग्रेस की इस महिला जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कई नेता करेंगे लेकिन इसके केंद्र में प्रियंका गांधी होंगी। प्रियंका हरेक राज्य में महिला मोर्चा का नेतृत्व करेंगी और महिला घोषणापत्र भी जारी करेंगी। सूत्रों का कहना है कि पार्टी महिला कांग्रेस और प्रियंका की स्टार छवि पर केंद्रित होकर महिला अध्यक्ष के नहीं होने वाले नुकसान की भरपाई करना चाहती है।

26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा

जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कके नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (राजस्थान) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। राजस्थान की सीमा के प्रवेश करने तक राहुल गांधी 2200 किलोमीटर से ज्यादा पैदल चल चुके हैं। यात्रा अब तक मध्य प्रदेश सहित सात राज्यों से होकर राजस्थान पहुंची है। 3570 किलोमीटर लंबी यह यात्रा 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों तक जाएगी और इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *