असम-मेघालय बॉर्डर पर भड़की हिंसा: 6 लोगों की मौत, मेघालय के 7 जिलों में अगले 48 घंटों के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद, मेघालय-असम के मुख्यमंत्रियों ने की बात

असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग और मेघालय सीमा पर मंगलवार को हिंसा हुई है। मंगलवार सुबह पुलिस ने लकड़ी की तस्करी कर रहे एक ट्रक को जैसे ही रोकने की कोशिश की लेकिन ट्रक ड्राइवर वहां से भाग निकला। और फिर पुलिस ने फायरिंग कर ट्रक का टायर पंचर कर दिया और ट्रक के चालक, अप्रेंटिस और एक अन्य व्यक्ति को पकड़ लिया। इस घटना के कुछ ही देर बाद वहां कटार और अन्य हथियारों से लैस लोगों की एक भाड़ी भीड़ जमा हो गई और असम पुलिस एवं वन विभाग के कर्मियों पर हमला कर दिया। उसके बाद झड़प की स्थिति को देखते हुए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी जिसमे एक फॉरेस्ट गॉर्ड और मेघालय के 5 लोगों की मौत हो गई। मालूम हो कि पुलिस और वन विभाग ने तस्करी का काम करने वाले लोगों के खिलाफ एक अभियान चलाया था, जिसके बाद यह पूरी घटना घटी।

सूत्रों ने बताया है कि इस घटना में दर्जनों पुलिस कर्मी घायल हैं और पूरे इलाके में तनाव की स्थिति अभी भी बनी हुई है। सुरक्षाबलों की एक बड़ी टीम इलाके में भेजी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को दोबारा होने से रोका जा सके।

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा है कि, ‘इस घटना में मेघालय के पांच और असम के एक वन रक्षक सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मेघालय पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना की मजिस्ट्रियल जांच शुरू की जाएगी। मैंने घटना पर असम के सीएम से बात की है और उन्होंने सहयोग का आश्वासन दिया है’।

वेस्ट कार्बी आंगलोंग के पुलिस अधीक्षक इमदाद अली ने बताया कि, ‘एक ट्रक को मेघालय सीमा पर असम वन विभाग ने मंगलवार तड़के करीब तीन बजे रोका। ट्रक के न रुकने पर वन विभाग के कर्मियों ने उस पर गोलियां चलाई और उसका टायर पंचर कर दिया। चालक, उसका एक सहायक और एक अन्य व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति वहां से भाग निकला। वन विभाग के कर्मियों ने घटना की जानकारी जिरिकेंडिंग थाने के अधिकारियों को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई और गिरफ्तार किए लोगों की रिहाई की मांग करने लगी। भीड़ ने वन विभाग के कर्मियों और पुलिस को घेर लिया जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण करने के लिए अधिकारियों को गोलियां चलानी पड़ी। घटना में वन विभाग के एक होम गार्ड की मौत हो गई। स्थिति अब नियंत्रण में है। वन कर्मी विद्यासिंग लेखटे की मौत कैसे हुई?, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है’।

इस घटना के बाद मेघालय सरकार ने अगले 48 घंटों के लिए 7 जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। मेघालय के पश्चिम जयंतिया हिल्स, पूर्वी जयंतिया हिल्स, पूर्वी खासी हिल्स, री-भोई, पूर्वी पश्चिम खासी हिल्स, पश्चिम खासी हिल्स और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।

असम और मेघालय के बीच मार्च 2022 में सीमा विवाद को लेकर हुआ था समझौता-

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा के बीच इसी साल मार्च में एक समझौता हुआ था जब दोनों मुख्यमंत्रियों ने 884.9 किमी लंबी सीमा के साथ 12 विवादित क्षेत्रों में से 6 में विवाद को हल करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समझौते को ऐतिहासिक बताया था और कहा था कि इस पर हस्ताक्षर करने से 70% विवाद सुलझ जाएगा। बाकी के बचे क्षेत्रों में विवाद को सुलझाने के लिए दोनों मुख्यमंत्रियों ने अगस्त में एक बार फिर बातचीत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *