गुजरात चुनाव: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से ब्रेक लेकर राहुल गांधी ने गुजरात में की 2 जनसभाएं, आदिवासियों को देश का पहला मालिक बताया साथ ही मोरबी हादसे पर बीजेपी को घेरा

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार में सोमवार को राहुल गांधी ने भी एंट्री कर ली है। आज राहुल गांधी ने गुजरात में दो जनसभाएं की। उन्होंने पहली रैली सूरत में की और उसके बाद दूसरी रैली को राजकोट में संबोधित किया। सूरत में अपनी पहली रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने बीजेपी को खूब घेरा। उन्होंने कहा कि, ‘BJP आपको आदिवासी नहीं कहते हैं वो आपको वनवासी कहते हैं। वो (बीजेपी) आपको ये नहीं कहते कि आप हिंदुस्तान के पहले मालिक हो बल्कि वो ये कहते हैं कि आप जंगल में रहते हो मतलब वो (बीजेपी) ये नहीं चाहते कि आप शहरों में रहो और आपके बच्चे इंजीनियर, डॉक्टर आदि बने। अगर ऐसा ही चलता रहा तो फिर अगले पांच से दस वर्षों में सारे जंगल दो-तीन उद्योगपतियों के हाथ में होंगे और आपके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं होगी’।

राहुल ने अपनी सूरत की रैली में कहा कि हिन्दुस्तान को जोड़ने का काम एक गुजराती महात्मा गांधी जी ने किया था। हम किसान से बात करते हैं तो दुख होता है, उन्हें अपने फसलों का सही दाम नहीं मिलता, किसानों का कर्ज माफ नहीं होता है। इस देश में युवाओं का सपना चूर-चूर हो रहा है।

राहुल ने आगे कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान किसानों, युवाओं और आदिवासी समुदाय के लोगों की समस्याओं को सुनकर उन्हें उन लोगों का दर्द महसूस हुआ।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दूसरी रैली राजकोट में की। राजकोट में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने मोरबी हादसे को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला किया। मोरबी हादसे के जिम्मेदार व्यक्तियों का बीजेपी से ताल्लुक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, ‘मोरबी हादसे में 150 लोगों की मृत्यु हुई है. ये राजनीतिक मुद्दा नहीं है। सवाल ये उठता है कि जिन्होंने ये काम किया उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोई FIR नहीं हुई। बीजेपी के साथ उनका अच्छा रिश्ता है तो क्या उनका कुछ नहीं होगा? चौकीदारों को पकड़ कर अंदर कर दिया, जो जिम्मेदार हैं उनके खिलाफ कुछ नहीं हुआ।’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज गुजरात चुनाव को लेकर दावा किया कि इस बार चुनाव में कांग्रेस पार्टी 125 से ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि गुजरात के साथ-साथ पूरे देश की जनता भाजपा सरकार से नाराज है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी गुजरात चुनाव में प्रचार करने के लिए जाएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, 26 और 26 नवंबर को खरगे की गुजरात में रैली होगी।

बताते चलें कि गुजरात की 182 विधानसभा सीटों पर एक और पांच दिसंबर को दो चरणों में वोटिंग होगी। वोटों की गिनती आठ दिसंबर को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *