“भारत जोड़ो यात्रा” का 71वां दिन: आज पातुर से आगे बढ़ी यात्रा, राहुल ने कहा- सोशल मीडिया के जरिए चुनावों में धांधली की है संभावना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पातुर से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। आज सुबह इस यात्रा में लोगों का सैलाब दिखा। पदयात्रा आज रात को बालापुर में विश्राम करेगी और फिर वहीं से शुक्रवार सुबह यात्रा आगे बढ़ेगी। 18 नवंबर को दोपहर 3 बजे बुलढाणा जिले के शेगांव में एक विशाल रैली आयोजित की जा रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली इस रैली में 5 लाख लोग शामिल होंगे।

राहुल गांधी ने 16 नवंबर को अपनी पदयात्रा के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर और जीजी पारिख के नेतृत्व में नागरिक संस्थाओं के सदस्यों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘भले ही ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) सुरक्षित है, सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय चुनावों में धांधली हो सकती है। बड़ी सोशल मीडिया कंपनियां चाहें तो किसी भी पार्टी को चुनाव जिता सकती हैं।

बुधवार को मालेगांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार अग्निवीर के नाम पर युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार कहती है कि अग्निवीर बनो, छह महीने प्रशिक्षण लो, चार साल सेना में काम करो और फिर जीवन भर बेरोजगार हो जाओ. यह कैसा राष्ट्रवाद है? वे अग्निवीर के नाम पर युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं।’

राहुल ने कहा, ‘हम संविधान की रक्षा के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे हैं…किसान की बुनियादी जरूरतें डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर हैं, लेकिन मौजूदा सरकार ने इन चीजों के दाम बढ़ा दिए हैं।

राहुल गांधी ने बुधवार को वाशिम में उनके द्वारा दिए गए भाषण का एक वीडियो क्लिप अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया और लिखा, “भाजपा सरकार द्वारा 8 सालों में कर्ज़माफ़, पूंजीपतियों का: ₹9,15,697 करोड़, किसानों का: ₹0. ‘मित्रों’ पर देश का पैसा लुटाना और अन्नदाताओं को अलग-अलग तरीके से डराना। ये है प्रधानमंत्री की ‘पंच-किल’ पॉलिसी।”

राहुल ने अपने इस वीडियो में 5 बातें कही है-

1. मोदी सरकार की पहली किसान विरोधी नीति, फसल का सही दाम नहीं देने की है। उन्होंने कहा कि किसान भले ही 24 घंटे काम कर लें, लेकिन ये सरकार उन्हें उपज का सही दाम नहीं देगी।

2. किसानों को फसल का नुकसान होने पर भी फसल बीमा के पैसे नहीं मिलते। पहले फसल बीमा सरकारी कंपनियों के जरिए होता था, लेकिन मोदी सरकार में फसल बीमा के पैसे प्राइवेट कंपनियों के पास जाते हैं। हजारों करोड़ रुपये हिंदुस्तान के किसानों की जेब से निकाले जाते हैं और प्राइवेट बीमा कंपनियों की जेब में डाले जाते हैं।

3. मोदी सरकार की एक्सपोर्ट-इंपोर्ट नीति किसान विरोधी है। उनका दावा है कि जब किसानों के फसल बेचने का समय आता है, तो मोदी सरकार एक्सपोर्ट पर रोक लगा देती और इंपोर्ट बढ़ा देती है। इससे बाजार में कृषि उपज के दाम गिर जाते हैं और किसानों को नुकसान होता है।

4. मोदी सरकार अरबपतियों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज तो दो मिनट में माफ कर देती है, लेकिन हिंदुस्तान के हजारों किसानों के खुदकुशी करने के बावजूद उनके कर्ज माफ नहीं किए जाते।

5. जब इंटरनेशनल मार्केट में पेट्रोल-डीज़ल के दाम गिर जाते हैं, तब भी मोदी सरकार देश के भीतर उनकी कीमतें घटने नहीं देती, जिससे खेती की लागत बढ़ जाती है और किसानों का नुकसान और बढ़ जाता है।

राहुल की पदयात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश में एंट्री करने जा रही है और इससे पहले खबर है कि बीजेपी राज्य में कांग्रेस के खिलाफ ‘ऑपरेशन लोटस’ की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक़ बीजेपी की योजना, भाजपा के कम से कम 8-10 कांग्रेस विधायकों को खरीदने की है। और उसके बाद बीजेपी राज्य के आदिवासी क्षेत्रों- विशेष रूप से झाबुआ और मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कांग्रेस विधायकों को भी तोड़ने की कोशिश कर रही है।

महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से निकलेगी। यह यात्रा राज्य में 381 किलोमीटर की होगी। बीते सात नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा ने तेलंगाना से महाराष्ट्र में प्रवेश किया था। यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में महाराष्ट्र से प्रवेश करने के बाद लगभग आधी दूरी तय कर लेगी।

21 और 22 नवंबर को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का ब्रेक रहेगा। राहुल अपनी यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश करने के बाद 22 नवंबर को गुजरात में प्रचार के लिए जाएंगे। मध्यप्रदेश में बुरहानपुर से यात्रा की शुरुआत 23 नवंबर से होगी। इस यात्रा के तहत राहुल गांधी मध्य प्रदेश में दो ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिरों के दर्शन करेंगे। इनमें से एक खांडवा का ओंकारेश्वर और दूसरा उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर है। राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता 25 नवंबर को ओंकारेश्वर महादेव मंदिर का दौरा करेंगे। राहुल गांधी भारत के रॉबिनहुड कहे जाने वाले टंट्या मामा के जन्मस्थान का भी दौरा करेंगे। राहुल गांधी 28 और 29 नवंबर को इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित कर सकते हैं। कांग्रेस 30 नवंबर से एक दिसंबर तक उज्जैन में शक्ति प्रदर्शन करने की योजना बना रही है। उज्जैन में सभा 1 दिसंबर को होगी। इसके बाद राहुल गांधी खालसा कॉलेज में नाइट स्टे करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में 15 दिन तक रहेगी। इसके बाद यात्रा का अगला पड़ाव राजस्थान होगा।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद के शीतकालीन सत्र में भाग नहीं लेंगे। पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने बताया कि राहुल पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा पर फोकस करेंगे। इस वजह से संसद सत्र में शामिल नहीं हो सकेंगे। संसद का शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से शुरू होगा जो 29 दिसंबर तक चलेगा।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी की जारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस सांसद को एक गंभीर राजनेता के रूप में स्थापित करेगी और उन्हें अपनी मजबूत प्रतिद्वंद्वी बीजेपी का मुकाबला करने में बड़ी मदद करेगी। लेकिन देश के विभिन्न राज्यों से गुजर रही इस यात्रा का स्थायी प्रभाव छोड़ने के लिए इसे किसी एक खास मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (महाराष्ट्र) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है। इस यात्रा का लक्ष्य कांग्रेस पार्टी के संगठन को पुनर्जीवित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *