“भारत जोड़ो यात्रा” का 65वां दिन: शुक्रवार सुबह राहुल गांधी ने अर्धापुर गांव से शुरू की पदयात्रा, शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे भी कदम से कदम मिलायेंगे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज सुबह यात्रा की शुरुआत नांदेड़ के अर्धापुर गांव से की। पदयात्रा शुरू करने के बाद राहुल कुछ जगहों पर रुके और लोकल लोगों से मिलकर उनसे बातचीत की। शिवसेना नेता और पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे शुक्रवार को इस यात्रा में शामिल होंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव (संगठन) केसी वेणगुपोल, महाराष्ट्र में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, मुंबई में पार्टी के शहर अध्यक्ष भाई जगताप, नसीम खान, विश्वजीत कदम और अन्य नेता भी राहुल गांधी के साथ पदयात्रा कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में अपनी पहली जनसभा गुरुवार को नांदेड में की। गुरुवार को राहुल की पदयात्रा में शरद पवार की बेटी और NCP की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले, NCP के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल, NCP नेता जितेंद्र आव्हाड, और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए। इससे पहले एनसीपी प्रमुख शरद पवार भी इस यात्रा में हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वे अब भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं होंगे।

नांदेड में लोगों को संबोधित करने के बीच में ही राहुल गांधी ने अपना माइक बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि जब संसद में विपक्ष मुद्दों पर बात की जाती है तो इसी तरह से माइक बंद कर दिया जाता है। कुछ देर बाद उन्होंने अपना माइक ऑन किया और कहा कि यहां तो माइक पर मेरा कंट्रोल है, लेकिन संसद में ऐसा नहीं होता है। वहां पर हमारा माइक बंद कर दिया जाता है। इसके बाद हम बस हैरान-परेशान होते रहते हैं कि ये क्या हुआ?

राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा ‘चीन-माइक ऑफ, महंगाई-माइक ऑफ, नोटबंदी-माइक ऑफ, अग्निपथ-माइक ऑफ, अग्निपथ-माइक ऑफ, बेरोजगारी-माइक ऑफ। ऐसी कर दी है हमारे संसद की हालत! राहुल ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री जी, ध्यान से सुन लो – आप जनता की आवाज़ दबा नहीं सकते, इसकी गूंज आपके अहंकार को तोड़ेगी’।

राहुल गांधी की पदयात्रा में गुरुवार को एक्टर सुशांत सिंह भी शामिल हुए। पूजा भट्ट के बाद फ़िल्मी दुनिया से सुशांत सिंह ऐसे दूसरे अभिनेता हैं जो राहुल के साथ जुड़े हैं। सुशांत सिंह नांदेड़ में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए और राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की। सुशांत सिंह ने रैली में भी भाग लिया और कहा कि वह अपने जीवन में पहली बार किसी राजनीतिक रैली में भाग ले रहे हैं।

सुशांत ने कहा, ‘मैं इस यात्रा में शामिल होना चाहता था, लेकिन मैं इससे पहले किसी भी राजनीतिक दल की बैठक में शामिल नहीं हुआ था। मैंने सोचा कि यह कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है, क्या मुझे इसमें शामिल होना चाहिए या नहीं। लेकिन तब मुझे एहसास हुआ कि यह भारत की यात्रा है, जो देश को एकजुट होने की बात करती है।’

महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से निकलेगी। यह यात्रा राज्य में 381 किलोमीटर की होगी। नांदेड़ जिले में पांच दिनों की यात्रा ख़त्म होने के बाद यह यात्रा 11 नवंबर को हिंगोली, 15 नवंबर को वाशिम, 16 नवंबर को अकोला और 18 नवंबर को बुलढाणा जिले में प्रवेश करेगी। उसके बाद यह यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

राहुल गांधी की दूसरी रैली 18 नवंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव में होगी, जिसमें कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई लाख लोग शामिल होंगे।

महाराष्ट्र में राहुल की पदयात्रा के दौरान 150 से अधिक प्रमुख नेता, नागरिक समाज के सदस्य, कार्यकर्ता, गैर सरकारी संगठन, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उनके साथ शामिल होंगी।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (महाराष्ट्र) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *