प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मोरबी का दौरा कर रहे हैं, जहाँ पुल हादसे में कई मौतें हुई और सैकड़ो घायल लोग अस्पताल में भर्ती हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी पुल हादसे में घायल हुए लोगों से अस्पताल जाकर मुलाकात कर सकते हैं। 100 से ज्यादा घायलों का मोरबी के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीएम मोदी आज मोरबी में कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं। पीएम के दौरे से पहले प्रशासन पूरी तरीके से हरकत में है। मोरबी के सिविल अस्पताल में रंगाई-पुताई करवाया गया है और साथ ही जहां-जहां टाइल्स टूटी थी उसकी मरम्मत भी की गई है। इन सभी कार्यकलापों की तस्वीरें सामने आ गई है। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद विपक्षी पार्टियों ने बीजेपी और गुजरात सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस पार्टी ने अपने ऑफिसियल ट्विटर हैंडल से अस्पताल में हो रही रंगाई-पुताई की फोटो ट्वीट की है। ट्वीट में कहा गया है कि ‘त्रासदी का इवेंट…. PM मोदी मोरबी के सिविल अस्पताल जाएंगे। उससे पहले वहां रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। चमचमाती टाइल्स लगाई जा रही हैं। PM मोदी की तस्वीर में कोई कमी न रहे, इसका सारा प्रबंध हो रहा है। इन्हें शर्म नहीं आती! इतने लोग मर गए और ये इवेंटबाजी में लगे हैं।’
कांग्रेस की नेता और प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी रंगाई-पुताई की फोटोज ट्वीट की और लिखा, “PM मोदी मोरबी के सिविल अस्पताल जाएंगे। उसके लिए अस्पताल का रंग रोगन इत्यादि युद्ध स्तर पर हो रहा है। चमचमाती दीवारें और नई टाइल्स से सुसज्जित अस्पताल में घायल शायद बेहतर महसूस करें। यही उम्मीद होगी – मोरबी त्रासदी में करीब 200 लोगों की मौत की खबर है।”
आम आदमी पार्टी ने इस मामले पर सरकार को आड़े हाथों लिया है और ‘फोटोशूट’ की तैयारियां बताकर बीजेपी पर तंज कसा है। AAP ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है कि ‘मोरबी जिला अस्पताल में रातों रात रंग-पुताई की जा रही है ताकि पीएम मोदी के फोटोशूट में घटिया बिल्डिंग की पोल ना खुल जाए। 141 लोग मर चुके हैं, सैकड़ों लोग लापता हैं, असली दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई लेकिन भाजपाइयों को फोटोशूट करके लीपापोती की पड़ी है।’ मोरबी में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पंकज भाई राणसरिया ने अस्पताल पहुंच कर वहां चल रहे काम को बंद करवाया है।
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने अपने ट्वीट में लिखा, “27 साल में भाजपा ने सरकारी अस्पतालों में कोई काम नहीं किया। आज प्रधानमंत्री जी के दौरे के समय देश गुजरात के अस्पतालों का सच, 27 साल की भाजपा की नाकामी का सच न देख ले, इसलिए लाशों के बीच, मातम के माहौल में भी रंगाई पुताई की जा रही है। बेहद शर्मनाक है ये सब”।
आप के विधायक नरेश बालयान ने ट्वीट कर लिखा, “अंदर 177 लाशे पड़ी है, बाहर से हॉस्पिटल की रंगाई पुताई का काम चल रहा है, क्यों की महामानव जी कल कैमरे लेकर स्टंट करने जायेंगे वहां। बेशर्मी की हद होती है”।
नरेश बालयान ने गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री के जन्मदिवस की पार्टी में जश्न का एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमे उन्होंने लिखा है कि, “मोरबी में इतनी बड़ी घटना हो गई। डेढ़ सौ से अधिक लोग बच्चे, महिलाएं मर गये, लेकिन गुजरात का स्वास्थ्य मंत्री उस घटना को जानने के बावजूद अपने जन्मदिवस की पार्टी में जश्न मनाता रहा, आतिशबाजी करता रहा। इनका घमंड सातवे आसमान पर है, जब तक ये हारेंगे नही, इनका घमंड टूटेगा नही।”
2 नवंबर को गुजरात में राजकीय शोक घोषित-
सोमवार देर रात प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में गांधीनगर में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई और इस बैठक में मोरबी में मारे गए लोगों के शोक में 2 नवंबर को गुजरात में राज्यव्यापी शोक मनाने का निर्णय लिया गया है। राज्य में सरकारी भवनों पर 2 नवंबर को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी सरकारी सार्वजनिक समारोह, स्वागत या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
पीएम ने इस बैठक में अधिकारियों से इस घटना से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने के लिए कहा। बैठक में घटनास्थल पर अभी तक किए गए राहत और बचाव कार्यों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी गई और संबंधित पहलुओं पर चर्चा की गई। इस बैठक में सीएम भूपेंद्र भाई पटेल, गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी, गुजरात के मुख्य सचिव और डीजीपी सहित राज्य के गृह विभाग और गुजरात एनडीआरएफ के आला अधिकारी मौजूद थे।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी अभी गुजरात दौरे पर हैं, जहां वो कई कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं और साथ ही विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर रहे हैं।

