क्या चुनावी राजनीति का हिस्सा है प्रयागराज में हाईड्रोजन प्लांट लगाने की नितिन गडकरी की घोषणा ?

प्रयागराज: महंगे पेट्रोल और डीजल से आने वाले दिनों में मुक्ति मिलने वाली है। अब भविष्य के ईधन ग्रीन हाईड्राेजन पर काम शुरू हो गया है। बुधवार को प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर आए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यहां प्रयागराज में हाईड्रोजन प्लांट लगाने की घोषणा की। उन्होंने इस प्लांट को लगाने में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पहल करने के लिए कहा। इस प्लांट के लगने से प्रयागराज में तमाम युवाओं को रोजगार मिलेगा और सस्ता ईंधन भी उपलब्ध होगा। वैसे यहां के युवा लगातार रोजगार की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। ऐन चुनाव के समय इस तरह की घोषणाएं लोगों में बहुत अपील नहीं कर रही है। प्रयागराज में नैनी क्षेत्र में पहले तमाम उद्योग और कारखाने थे, लेकिन समय की मार से कारखाने बंद हो गये।

 

यहां तक देश भर में प्रसिद्ध रही नैनी की बड़ी कम्पनी आईटीआई भी सभ्य के थपेड़ो को नहीं झेल पाई। आईटीआई में सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलता था।इसके अलावा भी नैनी क्षेत्र की कई अन्य कम्पनियां भी तालाबंदी की चपेट में आ गई। यहां तक निजी क्षेत्र की प्रयागराज की प्रमुख शेरवानी कम्पनी भी लगातार घाटे के बाद बंद हो गई।इस कम्पनी में तो लोगों को पेंशन भी नहीं मिलती है। प्रयागराज में रोजगार के बहुत बेहतर साधन फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं।

 

श्रृंगवेरपुर में राम वन गमन के शिलान्यास मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि गन्ने से एथेनाल निकालकर उसे ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने की योजना हम लाए हैं। इसका इतना विस्तार किया गया कि अब गाड़ियां इससे चलने लगी है। हाल ही में मैने पूरी तरह एथेनाल से चलने वाली बजाज और टीवीएस की स्कूटी और मोटरसाइकिल का शुभारंभ किया। प्रदेश में सोलर एनर्जी और विंड एनर्जी के उत्पादन पर काम चल रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री इस पर काम कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गंगा के पानी से ग्रीन हाईड्रोजन अलग करने का प्लांट प्रयागराज में लगाया जाएगा। यहां पर गंगा जल से इलेक्ट्रोलाइजर विधि से ग्रीन हाईड्रोजन बनेगा। यह भविष्य का ईधन है। ग्रीन हाईड्रोजन से गाड़ियां चलेगी। इसका प्लांट प्रयागराज में लगेगा तो तमाम युवाओं को इसमें रोजगार मिलेगा। कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रयाद मौर्य इसमें पहल करें। मै उनकी मदद करूंगा। इस प्लांट के लगने से गंगा की निर्मलता बनी रहेगी। लोगों को सस्ता ईंधन मिलेगा। गडकरी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। बताया कि गंगा जल काे शुद्ध करने के लिए यहां पर कई योजनाएं लाए। यहां पर एसटीपी बनवाई और नालों का पानी शोधित करके ही गंगा में छोड़ा जाने लगा। गंगा जल अब शुद्ध हो गया है। संत महत्मा भी खुश हैं। मै कुंभ 2019 में आया था तो संतों ने मेरा जोरदार स्वागत किया था। कहा कि प्रयागराज सुंदर बन रहा है। यहां पर सड़क, पुल और जलमार्ग की योजनाएं दी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश इस समय चुनाव के मुहाने पर खड़ा है। पिछले इतने सालों में सरकार ने प्रयागराज में रोजगार और शहरी विकास पर ध्यान नहीं दिया है।इस लिए चुनाव के समय इस तरह की घोषणाएं बहुत अपील नहीं करती दिखी।सभा में भीड़ ने भाषण के बीच से ही जाना शुरू कर दिया था। रोजगार की मांग को लेकर इस समय प्रयागराज के युवा आंदोलन भी कर रहे हैं।वह खाली पदों पर भर्ती निकालने की मांग कर रहे हैं।ऐसे में लोगों को केंद्रीय मंत्री की ये घोषणा चुनावी लग रही है।वैसे सही बात भविष्य में पता चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *