केशव मौर्या ने राहुल और अखिलेश को घेरा

प्रयागराज: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा इन दोनों के लिए ही ईडी, सीबीआई, घोटाले और छापा कोई नई बात नहीं है।अखिलेश यादव के लिए कहा कि इतिहास गवाह है कि पूरे कुनबेे ने मिलकर ने किस तरह से भ्रष्टाचार किया। अब जब जांच शुरू हुई है तो घड़ियाली आंसू बहाकर चुनाव से जोड़ते हुए अखिलेश जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।

सर्किट हाउस में संवाददाताओं से बात कर रहे केशव ने कहा कि अखिलेश बताएं कि कौन से व्यापार और किस मेहनत से उनके पास बेहिसाब संपत्ति  एकत्रित हुई । उन्होंने और सरकार में रहे उनके परिवार के सदस्यों ने सिर्फ भ्रष्टाचार कर सरकारी खजाने को लूटने का ही काम किया।
सैफई में नाच करवा कर जहां एक तरफ करोड़ों रुपये बर्बाद किए तो वहीं सुख सुविधा युक्त जीवन जीने के लिए खरबों की अवैध संपत्ति अर्जित की। कैग की रिपोर्ट में सपा सरकार के दौरान एक नहीं कई बार अरबों रुपए के घोटाले की पुष्टि हुई है । भ्रष्टाचार में डूबे हुए लोगों पर जब छापे पड़ रहे हैं तो अखिलेश यादव के माथे से 10 डिग्री की ठंड में भी पसीना आ रहा है।
यह बताता है कि चोर की दाढ़ी में तिनका है।  केशव ने सपा सरकार को प्रदेश के लिए अनुपयोगी बताया। कहा कि अखिलेश  कार्यकाल के दौरान हुए दंगे, घोटाले ,भ्रष्टाचार, जंगलराज और गुंडागर्दी को जनता भूली नहीं है। उनके कार्यकाल में खाद्यान्न घोटाला, खनन घोटाला, गोमती रिवर फ्रंट घोटाला ,लैपटॉप घोटाला ,भर्ती घोटाला ,ईपीएफ घोटाला, समाजवादी पेंशन घोटाला और बेरोजगारी भत्ता आदि घोटाले हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *