संगम तीरे लगने वाले माघ मेले को इस वर्ष दिव्य और भव्य बनाने की तैयारी

प्रयागराज: मण्डलायुक्त संजय गोयल की अध्यक्षता में मंगलवार को मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार में माघ मेला-2022 की तैयारियों की प्रगति के सम्बंध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मण्डलायुक्त ने सभी सम्बंधित विभागों को माघ मेला-2022 कोे दिव्य, भव्य तथा सकुशल ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियों को समय से सुनिश्चित किये जाने का निर्देश दिया है।

 

उन्होंने पीडब्लूडी, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, मेला प्राधिकरण, गंगा प्रदूषण सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को अपने विभाग से सम्बंधित कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण किये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कार्य को पूर्ण करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता न बरती जाये। मण्डलायुक्त ने पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था के सम्बंध में भी व्यवस्थित कार्य योजना के अनुसार कार्य कराये जाने के लिए कहा है।

 

मण्डलायुक्त ने मेला क्षेत्र की बसावट में कोविड-19 से सम्बंधित मानकों का ध्यान रखते हुए कार्य योजना तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने पीडब्लूडी को नदी के कटान को देखते हुए सर्वे कर सही जगहों पर पाण्टुन पुलों का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराये जाने के निर्देश दिये है साथ ही चकर्ड प्लेट बिछाये जाने कार्य को भी तेजी के साथ कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों के लिए चेंजिंग रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम के साथ-साथ अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के सम्बंध में भी कार्य योजना के अनुसार कार्य कराये जाने का निर्देश दिया है।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, मेलाधिकारी शेषमणि पाण्डेय, एस0पी0 ट्रैफिक,अपर आयुक्त एम0पी0 सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *