भाजपा का दांव, रायबरेली सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह भाजपाई हुई

प्रयागराज: रायबरेली सदर से कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह भाजपा में शामिल हो गईं।वह वैसे काफी दिनों से कांग्रेस की लाईन‌ से उलट काम कर रही थी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा की नीतियों की भी वह बहुत तारीफ करती थी।हाल में ही उन्होंने प्रियंका के महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देने को एक नौटंकी करार दिया था।सदन में भी उन्होंने पार्टी लाइन के खिलाफ बोला और काम किया था।इस लिए इस बात के पहले ही संकेत मिल गये थे कि वह कांग्रेस छोड़ देंगी। अदिति को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सदस्यता दिलाई।
 कांग्रेस विधायक पिछले कई महीनों से भाजपा की प्रशंसा और कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना करती रही हैं। इसके लिए उन्हें कांग्रेस की तरफ से नोटिस भी दिया जा चुका है। बीते दिनों उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्हें सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताया था और उनकी टीम में शामिल होने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि वह टीम योगी का हिस्सा बनकर अपने विधानसभा के लोगों के लिए और बेहतर कर सकती हैं।
अदिति सिंह ने कांग्रेस द्वारा यूपी चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा करने पर कहा था कि वह स्टंट कर रही हैं। अगर प्रियंका वाकई महिलाओं के लिए काम करना चाहती हैं तो उन्हें अपने निजी सचिव संदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जिन पर महिलाओं से छेड़छाड़ के मामले दर्ज हैं।इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र की विधायक अदिति सिंह कांग्रेस व प्रियंका गांधी वाड्रा को कड़ी टक्कर देंगी।
उन्होंने दावा किया कि 2022 में भी भाजपा 2017 के विधानसभा चुनाव की तरह प्रचंड बहुमत हासिल कर सत्ता में वापसी करेगी। कांग्रेस और सपा का हश्र पिछले चुनाव की तरह ही होगा। जनता को परिवारवाद नहीं विकास चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *