प्रयागराज: अखिल भारतीय गैर राजनीतिक संगठन राष्ट्रीय युवक परिषद की संस्थापना का स्वर्ण जयंती अभियान कार्यक्रम प्रयागराज के शहीद चन्द्र शेखर आजाद पार्क में आजाद की प्रतिमा के समक्ष भव्य रूप में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल पं0 केसरी नाथ त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा उर्जा राष्ट्र विकास निर्माण की मूल उर्जा शक्ति है, जिसे अपनी आत्मशक्ति से अपने भविष्य का सकारात्मक विकास करने के साथ ही राष्ट्र व समाज के विकास में अपना सार्थक योगदान देना है। उन्होंने अपने सम्बोधन में देश के अमर बलिदानियों के योगदान का जिक्र करते हुए उनके जीवन संदेश से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लने का आहवान किया। समारोह की अति विशिष्ट अतिथि और संस्था की राष्ट्रीय संरक्षिका डा0 रीता बहुगुणा जोशी ने अपने सम्बोधन में नेता जी सुभाष चन्द्र बोस, स्वामी विवेकानन्द, मदनमोहन मालवीय, अमर शहीद चन्द्र शेखर आजाद सहित अन्य स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे विशाल युवा उर्जा का देश है। युवा शक्ति में अपने अमूल्य योगदान से देश को विश्व के महानतम् देश बनाने की सामर्थ्य है। समारोह की अध्यक्षता कर रहे संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नरेन्द्र माथुर ने संस्था के इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्था स्वामी विवेकानन्द जी के आदर्शों को साकर करते हुए देशव्यापी स्तर पर युवा शक्ति के उत्थान के लिए संकल्पवान है। समारोह के संयोजक व संस्था के प्रान्तीय अध्यक्ष रतन दीक्षित ने अतिथियों का स्वागत व संस्था के गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।
समारोह में कोरोना योद्धाओं डा0 एस0पी0सिंह प्रधानाचार्य मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज, डा0 किरण मालिक सी0एम0एस0 तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय, डा0 सुषमा श्रीवास्तव पूर्व सी0एम0एस0 काल्विन चिकित्सालय व टी0बी0 सूप्र हास्पिटल डा0 उमा जायसवाल, कोरोना काल में समाज सेवा करते हुए कोरोना से जान गवाने वाले स्व0 इंजी0 वीरेन्द्र सिंह की पत्नी श्री दिव्या सिंह, कारगिल युद्ध में शहीद नायक लालमणि यादव की विधवा पत्नी श्रीमती संतोष देवी, आतंकवादियों से मुठभेड़ कर वीरगति को प्राप्त करने वाले स्व0 नायक संतोष कुमार की विधवा पत्नी श्रीमती मंजू देवी, सीमा सुरक्षा बल के नायक स्व0 गिरीश चन्द्र की पत्नी श्रीमती कविता, कारगिल युद्ध के प्रतिभागी पूर्व नायक शिवभवन सिंह व अरविन्द कुमार त्रिपाठी, स्वतंत्रता सेनानी स्व0 रामकिशोर शुक्ला, स्व0 सत्यनाराण पाण्डेय व स्व0 बंशीलाल के परिवारजनों को पूर्व राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी व डा0 रीता बहुगुणा जोशी ने संस्था की तरफ से देश के लिए उनके योगदान को अमूल्य बताते हुए उनको स्मृति चिन्ह एवं शॉल मलाओं को प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के पूर्व डा0 रीता ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर युवा उर्जा जागरण यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर उसका शुभारम्भ किया। यात्रा मार्ग में स्वामी विवेकानन्द, स्व0 महामना मालवीय जी, शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमाओं पर भी संस्था की तरफ से माल्यार्पण किया गया। समारोह में प्रख्यात गायक श्री मनोज गुप्ता ने देश भक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुति दी। समारोह का संचालन फूलचन्द्र दूबे व आभार ज्ञापन विजेन्द्र मिश्रा ने किया। इस भव्य समारोह में राष्ट्रीय युवा परिषद के मुकेश गर्ग, हरियाणा शाखा के विजय शर्मा सहित समाज के विभिन्न वर्गों के सैकड़ो नागरिक व युवा उपस्थित रहें।
