प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद भी निजी चिकित्सालयों द्वारा संक्रमित मरीजों से लूट जारी है। ताजा मामला जार्जटाउन स्थित ओझा अस्पताल अस्पताल का है। जहां पर कोरोना संक्रमित मरीज से न सिर्फ लाखों रुपए इलाज के नाम पर लूटे गए बल्कि दिन भर में एक ही जांच दो दो बार करवा कर मरीज को बेवकूफ बनाकर पैसे भी ऐंठे गए। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित मरीज आरके मिश्रा निवासी चांदपुर सलोरी प्रयागराज ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी प्रयागराज से की थी। और अपने बिल भुगतान 377226 रुपए को कम कराने के लिए अनुरोध किया था।
उपरोक्त शिकायत ही पत्र का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी प्रयागराज ने जांच कराई, जांच में यह पाया गया की कोरोना इलाज हेतु शासन द्वारा निर्धारित रेट से ज्यादा चार्ज किया गया था, इसके साथ ही दवाइयों एवं विजिट के चार्ज भी बहुत ज्यादा लगाए गए थे। एक ही जांच को दिन में दो बार करा कर मरीज से धन उगाही की गई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए ओझा अस्पताल पर एपिडेमिक डिजीज एक्ट के अंतर्गत एवं महामारी अधिनियम के तहत ओझा अस्पताल के मालिक डॉक्टर एल एस ओझा पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। गौरतलब है कि डा. एल एस ओझा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, जिनकी सत्ता में अच्छी पैठ बताई जा रही है।

