आंदोलन में खाप पंचायतों ने भी शुरू की लंगर सेवा

गाजियाबाद: यूपी गेट (गाजीपुर बार्डर) पर चल रहे किसान आंदोलन में अब खाप पंचायतें भी लंगर सेवा में जुट गई हैं। आंदोलन स्थल पर जहां देश खाप की ओर से (भंडारा) लंगर सेवा शुरू की गई है वहीं गुरूवार को दांघड़ खाप की ओर से एक ट्रक खाद्य सामग्री लेकर आंदोलन स्थल पर पहुंचा। यह खाद्य सामग्री बागपत जनपद के सुल्तानपुर हटाना गांव की ओर बार्डर पर पहुंची है। यह खाद्य सामग्री पूरे गांव के लोगों के सहयोग से जुटाई गई है। यूं तो आंदोलन की शुरूआत से ही आसपास के जनपदों से रोजाना ट्रालियां भरकर खाद्य सामग्री आंदोलनकारियों के लिए पहुंच रही है, लेकिन अब खाप पंचायतों के बैनर तले पहुंचने वाली इस रसद के खास मायने हैं। बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में खाप पंचायतों का बड़ा महत्व है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत खुद भी बालियान खाप के चौधरी हैं। इससे पहले बालियान खाप के चौधरी उनके पिता और किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत हुआ करते थे। आंदोलन में शुरू से ही बैकअप दे रहीं खाप पंचायतें 28 जनवरी को गाजीपुर बार्डर पर हुए घटनाक्रम के बाद और मुखर हुई हैं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि खाप पंचायतों के अलावा भी गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, गौतमबुद्घनगर, बागपत, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल और मुरादाबाद आदि जनपदों से आने वाले किसानों के सभी ट्रैक्टर रसद लेकर लगातार आंदोलन स्थल पर पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *