प्रयागराज: भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा मिर्जापुर से आज संगम नगरी प्रयागराज जिले में प्रवेश कर गई है। जन विश्वास यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री व सांसद कौशांबी विनोद सोनकर, कैबिनेट मंत्री धर्मवीर प्रजापति, प्रयागराज की सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, काशी क्षेत्र यात्रा प्रभारी सुशील त्रिपाठी आदि विशिष्टजन प्रयागराज की सीमा पर पहुंचे। पुष्पवर्षा व ढोल नगाडों के साथ जिलाध्यक्ष विभव नाथ भारती, विधायक नीलम करवरिया के साथ मौजूद रहे सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जन विश्वास यात्रा के अतिथियों का स्वागत किया।
बीजेपी की जन विश्वास यात्रा के यमुनापार के मेजा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय बीजेपी विधायक नीलम करवरिया ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। मेजा से होते हुए यात्रा कोरांव के लिए रवाना हुई है। कोरांव से जन विश्वास यात्रा बारा और करछना विधानसभाओं में होते हुए शाम 6 बजे नैनी के लेप्रोसी चौराहे पर पहुंची जहां नैनी सहित अन्य क्षेत्रों के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।लेप्रोसी चौराहे से शहर की 3 विधानसभाओं शहर उत्तरी,शहर दक्षिणी और शहर पश्चिमी में रात 9:00 बजे तक यात्रा भ्रमण करती रही और जगह जगह भाजपा के लोग जोश से स्वागत करते रहे।
बीजेपी की जन विश्वास यात्रा में प्रयागराज जिले में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय भी शिरकत कर रहे हैं। बीजेपी की जन विश्वास यात्रा में शिरकत करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा है कि 19 दिसंबर को यूपी के 6 शहरों से जन विश्वास यात्रा निकाली गई है, और जगह-जगह इसका भव्य स्वागत किया जा रहा है। इस जन विश्वास यात्रा में लोगों की सहभागिता और भरोसा दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया है कि योगी सरकार ने पौने 5 वर्षों में जिस तरह से विकास कार्य किए हैं। उसको देखते हुए जनता का अपार जनसमर्थन भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी ने सीएम योगी की अगुवाई में पौने 5 वर्षों में जनता की सेवा की है, बेहतर कानून व्यवस्था के साथ एक अच्छी सरकार दी है। जनता उस पर शत-प्रतिशत विश्वास कर रही है। प्रदेश सरकार पर मोदी जी का भी आशीर्वाद है। डबल इंजन की सरकार केंद्र और प्रदेश की मिलकर प्रदेश की बेहतर सेवा कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश आज भारतीय राजनीति में पुनः अपना गौरवपूर्ण स्थान बना चुका है। उस स्थान को बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश की महान जनता भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दे रही है और बीजेपी 2022 के विधानसभा चुनाव एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
वहीं समाजवादी पार्टी द्वारा यूपी विधानसभा चुनाव में सभी केंद्रीय नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने के लगाए जा रहे आरोपों पर करारा जवाब दिया है। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा है कि उनकी पार्टी क्षेत्रीय पार्टी है उन्हें यह नहीं पता है कि राष्ट्रीय दलों का और खास तौर पर बीजेपी जो कि अंतरराष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है, उसका एक सिस्टम होता है और चुनाव में एक कार्यकर्ता से लेकर एक मंत्री तक पार्टी के लिए काम करता है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक पार्टियों में भाजपा की तरह न ही काम करने का सामर्थ्य है और न ही उनके पास लोग हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जैसी अंतर्राष्ट्रीय पार्टी के खिलाफ ऐसी टिप्पणी करना उन्हें शोभा नहीं देता।
जनविश्वास यात्रा में शामिल कौशाम्बी के सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री विनोद सोनकर ने कहा कि यह जन विश्वास यात्रा जनता के लिए किए कार्यों के द्वारा पुनः जनता का विश्वास हासिल करने के लिए लाया हूं। विकास का पहिया न रुके, विकासवादी और राष्ट्रवादी सरकार पुनः बने, इसलिए जनता को सरकार का हिसाब दे रहा हूं जिसके कार्यों द्वारा पुनः प्रदेश में योगी की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा यह यात्रा पुनः इतिहास रचेगी। जिस प्रकार सरकार और संगठन ने जनता के बीच कार्य किया, कभी किसी सरकार ने नहीं किया। यात्रा का प्रयागराज की सीमा बेला पर उसके बाद दिघिया पर जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा यमुनापार के जिलाध्यक्ष विभव नाथ भारती, विधायक मेजा नीलम करवरिया, कार्यक्रम के संयोजक राजेश्वरी तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, दिलीप चौरसिया, शिव बहादुर यादव, राजू शुक्ला, सविता त्रिपाठी, जय शंकर पांडेय, विक्रमाजीत मौर्य, सुभाष चंद्र मिश्र, बीना मिश्रा तुलसीदास राणा, नन्हे पांडे, अनीता मिश्रा, अखिलेश शुक्ला, अशोक शर्मा, अनुज मौजूद रहे।
