प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज अब देश के सबसे साफ सुथरे शहर इंदौर से भी हवाई मार्ग से जुड़ गया है। इंदौर से हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद प्रयागराज अब देश के 12 शहरों से हवाई मार्ग से जुड़ चुका है। इंदौर से चली हुई फ्लाइट आज पहली बार प्रयागराज पहुंची तो सूबे के नागरिक उड्डयन विभाग के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और प्रयागराज की सांसद केसरी देवी पटेल ने सभी यात्रियों का स्वागत किया। फ्लाइट से उतरने पर सभी यात्रियों को गुलाब के फूल देकर खास अंदाज में उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर आने वाले यात्रियों में से कुछ के आखों से आसूं आ गए उनका कहना था की इस हवाई सफर के कारण वे प्रयागराज आ सके वर्ण उम्र और बीमारियों के चलते वे प्रयागराज आने की उम्मीद छोड़ चुके थे।
पहले दिन की फ्लाइट में तकरीबन 54 यात्री इंदौर से प्रयागराज आए। इंडिगो की फ्लाइट से सफर कर प्रयागराज पहुंचने वाले मुसाफिर हवाई यात्रा शुरू होने से काफी खुश नजर आ रहे थे। इन यात्रियों का कहना था कि पहले ट्रेन व बस से इंदौर से प्रयागराज जाने व आने में काफी वक्त लग जाता था, लेकिन अब वह तकरीबन एक घंटे में ही यह दूर तय कर ले रहे हैं। यात्रियों ने इसके लिए सरकार का शुक्रिया अदा किया है और प्रयागराज को देश के कुछ अन्य शहरों से भी हवाई मार्ग से जोड़ने की मांग की है।
इस मौके पर यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि योगी सरकार से पहले यूपी में सिर्फ नियमित तौर पर सिर्फ दो एयरपोर्ट से ही हवाई सफर होता था, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर नौ हो चुकी है। यूपी देश के 32 महानगरों से हवाई मार्ग से जुड़ चुका है। उनके मुताबिक यह सब मुमकिन हुआ है पीएम नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी उड़ान योजना की वजह से, जिसमें हवाई चप्पल पहनने वाला भी अब हवाई जहाज का सफर कर पा रहा है। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बताया की प्रयागराज से जल्द ही कई अन्य शहर भी एयर कनेक्टिविटी से जुड़ने जा रहे हैं।
इस मौके पर बीजेपी सांसद केशरी देवी पटेल ने कहा कि प्रयागराज के कई शहरों से हवाई मार्ग से जुड़ने की वजह से ना सिर्फ लोगों का सफर आसान हो रहा है बल्कि विकास को भी गति मिल रही है। मंत्री नंदी व सांसद केशरी देवी पटेल ने इस मौके पर केक भी काटा। केक आज का सफर तय करने वाले यात्रियों की मौजूदगी में काटा गया और सभी ने मिलकर इस खास मौके को खास अंदाज में ही सेलिब्रेट भी किया।
