शी जिनपिंग नई दिल्ली में जी-20 में भाग नहीं लेंगे, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा- “प्रधानमंत्री ली कियांग लेंगे हिस्सा”

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 9-10 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। बीजिंग ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। चीनी विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व देश के प्रधान मंत्री ली कियांग करेंगे।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने एक संक्षिप्त बयान जारी कर कहा, “भारत गणराज्य की सरकार के निमंत्रण पर, स्टेट काउंसिल के प्रमुख ली कियांग 9 और 10 सितंबर को भारत के नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।”

इससे पहले चीनी अधिकारियों ने 2 सितंबर को अपने भारतीय समकक्षों को सूचित किया था कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग नई दिल्ली शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। इसकी लिखित पुष्टि अभी बाकी है।

हालाँकि, विदेश मंत्रालय ने भारत द्वारा पहली बार आयोजित हाई-प्रोफाइल सम्मेलन से राष्ट्रपति शी की अनुपस्थिति का कोई कारण नहीं बताया है।

भारत में हो रहे शिखर सम्मेलन को एक ऐसे स्थान के रूप में देखा जा रहा था जहां शी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात कर सकते हैं। दोनों महाशक्तियां कई प्रकार के व्यापार और भू-राजनीतिक तनावों से खराब हुए संबंधों को स्थिर करना चाहती हैं। शी ने आखिरी बार बाइडेन से पिछले नवंबर में इंडोनेशिया के बाली में जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर मुलाकात की थी।

मालूम हो कि दो दिवसीय G20 शिखर सम्मेलन 2023, 9 सितंबर को दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम में शुरू होगा। विभिन्न सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों तथा अन्य प्रतिनिधियों के साथ-साथ जी20 के आमंत्रित सदस्य शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली आएंगे। जिन लोगों के आने की उम्मीद है उनमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन, यूके के पीएम ऋषि सुनक, कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो, जापानी पीएम फुमियो किशिदा और सऊदी अरब के राजा सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *