राजस्थान में दलित लड़की का अपहरण, सामूहिक बलात्कार, फिर हत्या, दो पुलिसकर्मी निलंबित

राजस्थान के बीकानेर में एक दलित लड़की के अपहरण, सामूहिक बलात्कार और हत्या के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पास के एक गाँव की रहने वाली 20 वर्षीय पीड़िता कंप्यूटर क्लास के लिए खाजूवाला इलाके में जाती थी। मृतक लड़की के परिवार ने कहा कि प्राथमिक आरोपी दिनेश विश्नोई पिछले पंद्रह दिनों से उसका पीछा कर रहा था।

घटना मंगलवार सुबह उस समय हुई जब पीड़िता अपने कोचिंग क्लास में पहुंची। दिनेश ने खाजूवाला पुलिस स्टेशन के दो कांस्टेबलों भागीरथ विश्नोई और मनोज विश्नोई के साथ मिलकर कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया। फिर वे उसे दिनेश के आवास पर ले गए, जहां उसके साथ बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई।

इस हत्याकांड के बाद अब भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने सीएम अशोक गहलोत को घेरा है। उनका कहना है कि सीएम के पास गृह विभाग है। जबकि यह विभाग इतना बड़ा है कि किसी और को इसकी जिम्मेदारी देनी चाहिए थी। उनके ही विभाग के अधीन आने वाले गृह विभाग के पुलिसवालों के द्वारा किया गया रेप और मर्डर … सरकार के माथे पर कलंक है।

महिला के पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने बलात्कार और हत्या के अपराध को छुपाने की कोशिश में लड़की के शव को खाजूवाला के एक सिनेमा हॉल के पास ठिकाने लगा दिया। खाजूवाला थाने में दर्ज केस के बारे में एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि फिलहाल जांच कर रहे हैं। मामले में आरोपी दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है लेकिन पीड़िता के परिजन मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *