मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक पुराने भूमि विवाद को लेकर दो गुटों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। गोलीबारी में चार महिलाओं और एक पुरुष सहित पांच लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
यह घटना मुरैना के लेपा गांव में शुक्रवार को हुई और इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार हिरण सिंह व गजेंद्र सिंह के परिवार में पुराने से लंबित जमीन विवाद को लेकर अनबन चल रही थी। धीर सिंह के परिवार के दो लोगों की वर्ष 2013 में हत्या कर दी गई थी और गजेंद्र सिंह के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया गया था। मामला कोर्ट में गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। समझौते के बाद गजेंद्र सिंह का परिवार भी उसी गांव में आकर बस गया।
शुक्रवार की सुबह धीर सिंह और गजेंद्र सिंह के गुटों में मारपीट हो गई। शुरुआत में गजेंद्र सिंह के समर्थकों को लाठियों से पीटा गया और अंततः स्थिति हिंसक हो गई क्योंकि श्यामू और अजीत (धीर सिंह खेमे से संबंधित) ने दूसरे समूह पर गोलियां चला दीं।
मुरैना ASP राय सिंह नरवरिया ने कहा कि धीर सिंह और गजेंद्र सिंह के परिवार के बीच विवाद था। धीर सिंह के परिवार के 2 लोगों की साल 2013 में हत्या कर दी गई थी। इन दोनों परिवारों के घर आमने सामने हैं। समझौता होने के बाद गजेंद्र सिंह पक्ष के लोग गांव में रहने के लिए पहुंचे थे। धीर सिंह पक्ष ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। फायरिंग में गजेंद्र सिंह और उनके 2 बच्चों की मृत्यु हुई है, 4 लोग घायल हैं। आरोपियों को शीघ्र गिरफ़्तार किया जाएगा।
