कर्नाटक चुनाव: बीजेपी ने जारी किया घोषणापत्र- ‘प्रजा ध्वनि’, समान नागरिक संहिता का किया वादा

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रमुख जेपी नड्डा, कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई और बीजेपी के दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा ने सुबह 11 बजे बेंगलुरु में पार्टी मुख्यालय में कर्नाटक के लिए पार्टी का ‘प्रजा ध्वनि’ चुनावी घोषणापत्र जारी किया। नड्डा ने कहा कि, “हमने कृषि योजनाओं पर जोर दिया है। हम सबका साथ सबका विकास में विश्वास करते हैं।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य के सभी वंचित परिवारों के लिए नियमित रूप से 0.5 लीटर नंदिनी दूध देने का संकल्प लिया है।

भाजपा के शीर्ष तीन चुनावी वादों में सभी वंचित परिवारों के लिए तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर और 0.5 लीटर नंदिनी दूध और हर वार्ड में अटल आहार केंद्र शामिल हैं।

भाजपा ने ओनेक ओबावा सामाजिक न्याय निधि योजना का वादा किया है जिसके माध्यम से वे 5 साल की सावधि जमा पर 10,000 रुपये की जमा राशि प्रदान करेंगे।

नड्डा ने कहा कि, “कर्नाटक के लिए घोषणापत्र वातानुकूलित कमरे में बैठकर नहीं बनाया गया है, बल्कि एक उचित अभ्यास किया गया है। इसे बनाने से पहले राज्यों के कोने-कोने का दौरा करने वाले हमारे कार्यकर्ताओं द्वारा बड़ी मात्रा में मेहनत और दृढ़ता से सुझाव प्राप्त किए गए और लाखों घरों से जोड़ा गया।”

उन्होंने आगे कहा- ‘सिद्धारमैया की सरकार बिल्कुल रिवर्स गियर वाली सरकार थी। हम डबल-इंजन की सरकार हैं, उनकी ट्रबल-इंजन है; हम यहां विकास को गति देने आए हैं, वे विकास को केवल ‘ब्रेक’ देते हैं। आज कर्नाटक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के लिए शीर्ष स्थान बन गया है’।

उन्होंने कहा कि, हमारा घोषणापत्र लगभग 6 विषयों पर केंद्रित है:

1) खाद्य सुरक्षा
2) गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
3) सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवा
4) सुनिश्चित आय सहायता
5) सभी के लिए सामाजिक न्याय
6) सभी के लिए विकास, समृद्धि

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि, “हम किफायती और स्वस्थ भोजन उपलब्ध कराने के लिए पूरे राज्य में अटल आहार केंद्र स्थापित करेंगे। हम एक योजना ‘पोषण’ शुरू करेंगे, जिसके माध्यम से राज्य के बीपीएल परिवारों को दूध, श्री अन्ना और चावल उपलब्ध कराया जाएगा। सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए, हम इस उद्देश्य के लिए गठित उच्च-स्तरीय समिति की सिफारिशों के आधार पर कर्नाटक में ‘समान नागरिक संहिता’ लागू करेंगे”।

कर्नाटक में बीजेपी के प्रमुख वादे ये हैं-

– बीपीएल परिवारों को हर साल तीन फ्री गैस सिलेंडर उगाड़ी, गणेश चतुर्थी और दीपावली के मौकों पर दिए जाएंगे।

– नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में किफायती, गुणवत्ता वाला और स्वस्थ भोजन देने के लिए अटल आचार केंद्र स्थापित होंगे।

– पोषण योजना के तहत बीपीएल परिवार को हर दिन आधा किलो नंदिनी दूध और हर महीने पांच किलो श्री अन्न श्री धन्य राशन किट मुहैया कराई जाएगी।

– समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी।

– बेघरों के लिए दस लाख मकान तैयार किए जाएंगे।

– एससी एसटी घरों की महिलाओं लिए पांच साल की 10 हज़ार रुपये की एफडी कराई जाएगी।

– सरकारी स्कूलों को विश्व स्तरीय मानदंडों के अनुसार अपग्रेड किया जाएगा।

– सीनियर सिटीजन के लिए हर साल मुफ़्त हैल्थ चेक अप होगा।

– कल्याण सर्किट, बनवासी सर्किट, परशुराम सर्किट, कावेरी सर्किट, गंगापुरा सर्किट के लिए 2500 करोड़ अलॉट किए जाएंगे।

– 5 लाख के लोन पर कोई ब्याज नहीं लगेगा।

– 5 किलो चावल और 5 किलो मोटा अनाज देने का ऐलान।

– किसानों को बीज के लिए 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *