दिल्ली में शख्स बोनट पर लटका रहा, बिहार के सांसद की कार 3 किलोमीटर तक चलती रही; देखें वीडियो

दिल्ली में रविवार रात को करीब 11 बजे आश्रम चौक से निजामुद्दीन दरगाह की ओर आ रही एक कार के बोनट पर एक व्यक्ति को घसीटा गया। आश्रम चौक से निजामुद्दीन दरगाह तक ये कार करीब दो से तीन किलोमीटर चलती रही और एक शख्स वाहन के बोनट पर लटका रहा। पुलिस ने बताया कि ये कार बिहार के लोकसभा सांसद चंदन सिंह की है और कार चलाने वाला उनका चालक था।

पीड़ित शख्स चेतन ने बताया कि वह एक ड्राइवर के रूप में काम करता है और एक यात्री को छोड़ने के बाद वापस आ रहा था। उसने आरोप लगाया कि कार के चालक ने उसके वाहन को हिट किया, जिसके बाद वह बाहर जाकर कार के सामने खड़ा हो गया लेकिन कार चालाक ने कार नहीं रोका।

चेतन ने बताया- “मैं ड्राइवर हूं, मैं एक यात्री को छोड़कर जैसे आश्रम के पास पहुंचा तो एक कार ने मेरी कार को तीन बार हिट किया, फिर मैंने इन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन ये नहीं रोके फिर मैं इनके बोनट के ऊपर लटक गया लेकिन फिर भी इन्होंने नहीं रोका। वह मुझे आश्रम चौक से निजामुद्दीन तक घसीटता गया। रास्ते में मैंने एक पीसीआर देखा और उन्होंने हमारा पीछा किया तब जाकर ये कार रोकी। वह व्यक्ति पूरी तरह से नशे में था।”

दूसरी ओर, कार के चालक रामचंद कुमार ने इस बात से इनकार किया कि उसकी कार ने कभी चेतन के वाहन को हिट किया और कहा कि चेतन उनकी कार के बोनट पर खुद से कूद गया।

आरोपी रामचंद कुमार ने बताया कि, “मेरी कार उनकी कार को हिट नहीं की थी, मैं गाड़ी चला रहा था तभी वो जानबूझकर मेरी कार के बोनट पर चढ़ गए। मैंने उनसे नीचे उतरने को कहा लेकिन उन्होंने नहीं सुना। मैंने फिर अपनी कार रोका और उनसे कहा कि आप ये क्या कर रहा हो?”

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। यह घटना सुल्तानपुरी से कुछ किलोमीटर दूर हुई है जहां एक जनवरी को दोपहिया वाहन पर सवार 20 वर्षीय एक महिला को एक कार ने टक्कर मार दी और घसीट कर ले गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *