BREAKING इंदौर: रामनवमी के जश्न के दौरान मंदिर में बावड़ी की छत धंसी, कई लोग फंसे

मध्यप्रदेश के इंदौर में रामनवमी के मौके पर एक बड़ा हादसा हो गया है। इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में गुरुवार को रामनवमी उत्सव के दौरान कुएं पर बनी छत धंस गई, जिसमें कई लोग फंस गए। ये घटना शहर के स्नेह नगर इलाके के पास पटेल नगर में हुआ है। लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अब तक 10 लोगों को बचा लिया गया है जबकि 9 लोग अभी भी फंसे हैं। उन्होंने कहा कि, इन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। रेस्क्यू किए गए लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक, रामनवमी पर मंदिर में हवन हो रहा था। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लोग पूजा अर्चना और आरती कर रहे थे। पूजा के दौरान 20-25 लोग कुएं के ऊपर खड़े थे। मंदिर के अंदर पूजा करने वाले कुएं के ऊपर खड़े होने के दौरान कुएं का ढक्कन ढह गया। छत धंसने से कुएं में करीब 20-25 लोग इसमें गिर गए। ये 50 फीट गहरी बताई जा रही है।

कुएं में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस और दमकल सेवाएं समय पर मौके पर नहीं पहुंचीं। हालांकि जिला प्रशासन मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुट गया है। कुएं में पानी होने की वजह से रेस्क्यू अभियान में परेशानी हो रही है। मंदिर के आस पास लोगों को जाने से मना कर दिया गया है।

इंदौर के सांसद शंकर लालवानी का कहना है कि हमारी प्राथमिकता कुएं में गिरे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की है। रेस्क्यू टीम, पुलिस और स्थानीय लोग लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। जिन लोगों को बाहर निकाला गया है, उन्हें अस्पताल में भेजा गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को मंदिर में बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि वे इंदौर जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। घटनास्थल पर इंदौर पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *